भारतीय खाने में चटनी का खास स्थान होता है। दाल-चावल हों, पराठे हों या सादा रोटी, अगर साथ में स्वादिष्ट चटनी मिल जाए तो खाने का मज़ा दोगुना हो जाता है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं भुनी हुई टमाटर–लहसुन की चटनी बनाने की आसान रेसिपी, जो न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होती है बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद है। इस चटनी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज़्यादा सामान या ज़्यादा समय नहीं लगता। घर में मौजूद कुछ आम चीज़ों से आप मिनटों में इसे तैयार कर सकते हैं।
चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री- 3-4 पके हुए टमाटर, 6-8 लहसुन की कलियां, 2 सूखी लाल मिर्च (स्वादानुसार), 1 छोटी चम्मच तेल, स्वादानुसार नमक, थोड़ा सा हरा धनिया (इच्छानुसार)।
विधि- सबसे पहले गैस पर तवा या पैन गरम करें। उसमें बिना तेल डाले टमाटरों को डालें और धीमी आंच पर चारों तरफ से भून लें। टमाटर का छिलका हल्का काला हो जाए और वे नरम हो जाएं, तब गैस बंद कर दें। अब उसी पैन में लहसुन की कलियां और सूखी लाल मिर्च डालें। इन्हें भी हल्का-सा भून लें ताकि लहसुन की कच्ची खुशबू खत्म हो जाए। ध्यान रखें कि लहसुन ज्यादा जले नहीं, वरना स्वाद कड़वा हो सकता है। अब भुने हुए टमाटरों का छिलका निकाल लें। इसके बाद टमाटर, भुना हुआ लहसुन, लाल मिर्च और नमक मिक्सर में डालें। ऊपर से एक छोटी चम्मच तेल डालें और सभी चीज़ों को दरदरा पीस लें। अगर आपको चटनी ज्यादा स्मूद पसंद है तो थोड़ा पानी डाल सकते हैं। अंत में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर चटनी को अच्छे से मिला लें।
चटनी खाने के फायदे- टमाटर में विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो इम्युनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं। वहीं लहसुन दिल के लिए अच्छा माना जाता है और पाचन को भी बेहतर बनाता है। भुनी हुई होने की वजह से यह चटनी आसानी से पच जाती है।
किसके साथ खाएं- यह चटनी पराठे, दाल-चावल, इडली, डोसा या सादा रोटी के साथ बहुत स्वादिष्ट लगती है। यहां तक कि आप इसे सैंडविच या रोल में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आप रोज़ के खाने में कुछ नया और चटपटा स्वाद चाहते हैं, तो भुनी हुई टमाटर–लहसुन की चटनी ज़रूर ट्राई करें। एक बार बनाने के बाद यह आपकी फेवरेट चटनी बन जाएगी।










