SBI SCO Recruitment 2025: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर (SCO) की रिक्तियां निकाली हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जनवरी रखी गई है। उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट sbi.co.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 5 जनवरी थी लेकिन इसे बढ़ा दिया गया है। ऐसे में जो योग्य उम्मीदवार इससे पहले आवेदन नहीं कर पाए वो 10 जनवरी तक कर सकते हैं। आइए इन रिक्तियों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
996 पदों के लिए निकली नौकरियां, स्नातक अभ्यर्थी कर सकते हैं अप्लाई
इस भर्ती अभियान के तहत SBI कुल 996 पदों पर नियुक्तियां करेगा। जिनमें वाइस प्रेसिडेंट वेल्थ (सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर) के 506 पद शामिल हैं। असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट वेल्थ (रिलेशनशिप मैनेजर) के 206 पद और कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के 284 पद शामिल हैं। इन पदों पर अप्लाई के लिए शैक्षणिक योग्यता स्नातक रखी गई है। उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए।
सामान्य (UR), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये रखा गया है। अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। इन रिक्तियों के लिए अभ्यर्थी sbi.co.in वेबसाइट पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं। यहां उनको होमपेज पर Careers लिंक पर क्लिक करना होगा और फिर अपना विवरण दर्ज करना होगा। आखिर में शुल्क का भुगतान करना होगा।











