RSSB Rajasthan Forest Guard Recruitment: राजस्थान में दसवीं और बारहवीं पास युवाओं के लिए बंपर सरकारी नौकरियां निकली हैं। इन नौकरियों को राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने निकाला है। आरएसएसबी ने राजस्थान फॉरेस्ट गार्ड भर्ती 2025 के तहत वन विभाग में 785 पदों पर भर्ती निकाली है। आइए इन नौकरियों के चयन प्रक्रिया, आवेदन और परीक्षा पैटर्न के बारे में विस्तार से जानते हैं।
किन-किन पदों के लिए निकली हैं नौकरियां?
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने इन नौकरियां का संक्षिप्त नोटिफिकेशन जारी किया है। नौकरियों के बारे में विस्तृत अधिसूचना जल्द जारी होगी। इन नौकरियों के लिए दसवीं और बारहवीं पास युवा आवेदन कर सकते हैं। नौकरियों में युवाओं का चयन लिखित परीक्षा और शारीरिक परीक्षण के आधार पर होगा। कुल पदों की संख्या 785 है। जिनमें फॉरेस्ट गार्ड के 483 पद, फॉरेस्टर (वनपाल) के 259 पद और
सर्वेयर के 43 पद हैं।
इन नौकरियों के लिए क्या रखी गई है आयुसीमा?
फॉरेस्ट गार्ड पद के लिए उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास मांगी गई है। जबकि वनपाल पद के लिए 12वीं पास होना अनिवार्य है। सर्वेयर पदों के लिए उम्मीदवार की योग्यता 12वीं पास मांगी गई है। साथ ही सिविल सर्वे में आईटीआई सर्टिफिकेट या सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा भी होना चाहिए। युवाओं को राजस्थान की संस्कृति की समझ होना भी जरूरी है। फॉरेस्ट गार्ड के लिए आयुसीमा 18 से 24 वर्ष रखी गई है। जबकि वनपाल और सर्वेयर पद के लिए आयुसीमा 18 से 40 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षण के बाद होगा चयन
उम्मीदवारों के लिए सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) होगा। सफल उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा। लिखित परीक्षा ऑफलाइन मोड में होगी। जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे जो कि 100 नंबर के होंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे की होगी। इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी होगी।
सामान्य, ओबीसी और एमबीसी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये रखा गया है। एससी, एसटी, ओबीसी (एनसीएल), ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 400 रुपये रखा गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन किया जाएगा। इन नौकरियों के लिए विस्तृत अधिसूचना जारी होने के बाद उम्मीदवार rssb.rajasthan.gov.in वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।











