मथुरा, (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत की मौजूदगी में अखिल भारतीय केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को वृन्दावन के केशव धाम में शुरू हो गई है। बैठक सात जनवरी तक चलेगी। इसके बाद 8 और 9 जनवरी को एक और महत्वपूर्ण मंथन प्रस्तावित है। बैठक में राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रीय पदाधिकारियों के बीच चर्चा जारी है। श्री भागवत अपने 7 दिवसीय प्रवास पर वृंदावन में हैं।
श्री मोहन भागवत रविवार को ही वृंदावन पहुंच गए थे। सोमवार सुबह उन्होंने स्वयं बैठक के पहले सत्र का उद्घाटन किया। इसके बाद संघ के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में विचार-विमर्श का क्रम शुरू हुआ। बैठक में सह-सर कार्यवाह, अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख, प्रचार प्रमुख और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित लगभग 50 शीर्ष लोग हैं।
बताया जा रहा है कि प्रतिदिन तीन सत्रों में विस्तृत चर्चा की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक को देखते हुए केशव धाम परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। केशव धाम में चल रही इस बैठक में श्री मोहन भागवत के अलावा सह-सर कार्यवाह कृष्ण गोपाल जी, मुकंद जी, अरुण कुमार जी, रामदत्त चक्रधर जी, अतुल लिमए जी, आलोक कुमार जी, अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल जी और अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आम्बेकर जी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं।
इन मुद्दों पर चर्चा संभव
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में देश से जुड़े कई अहम सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों पर विचार किया जा रहा है। इनमें सामाजिक समरसता को और मजबूत करने, मोहल्ला स्तर पर हिंदू सम्मेलनों के आयोजन, विभिन्न राज्यों से हो रहे पलायन की समस्या, तथा पड़ोसी देशों में जारी हिंसा और अस्थिरता की स्थिति जैसे मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा संगठनात्मक विस्तार और समाज में संघ की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा संभव है।
संतों के बीच जाएंगे श्री मोहन भागवत
वृंदावन में सात दिन के प्रवास पर आए सरसंघचालक श्री मोहन भागवत जी 10 जनवरी को सुबह सवा 9 बजे छटीकरा मार्ग स्थित चंद्रोदय मंदिर पहुंचेंगे। यहां मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन करने के बाद वह मिड डे मील बनाने वाली सेंट्रल आधुनिक रसोई को देखेंगे। इसके बाद वह चंद्रोदय मंदिर के पदाधिकारियों के साथ वार्तालाप करेंगे। शाम चार बजे सुदामा कुटी में आयोजित संत सुदामा दास महाराज का शताब्दी समारोह में संतों के बीच जाएंगे। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन द्वारा तैयारी की जा रही है।
















