पुदुक्कोट्टई (हि.स.) । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि तमिलनाडु राज्य में अच्छा जन-शासन देना आवश्यक है। इसलिए इस बार आगामी विधानसभा चुनाव में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) पार्टी को सत्ता से हटाना होगा।
भाजपा के कार्यक्रम में संबोधन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पुदुक्कोट्टई जिले के पॉलन नगर पल्लीटिवल्ल में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन की यात्रा के समापन पर आयोजित किया गया था। समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि तमिल भाषा में बात न कर पाने के लिए वह क्षमा चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हम एक मजबूत टीम बनाएंगे।
तमिलनाडु में एनडीए सरकार बनाने का दावा
अमित शाह ने कहा कि तमिलनाडु में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन के नेतृत्व में इस अप्रैल में एक मजबूत गठबंधन सरकार बनाएंगे, चाहे कोई भी कीमत चुकानी पड़े। उन्होंने कहा कि राज्य में डीएमके के कुप्रबंधन को समाप्त करना होगा और यह निर्णय जनता के हाथ में है। उन्होंने डीएमके को सबसे भ्रष्ट पार्टी बताया।
मुख्यमंत्री स्टालिन और डीएमके पर निशाना
शाह ने कहा कि डीएमके पार्टी के नेता और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन इस बार अपने पुत्र उदयनिधि को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, लेकिन स्टालिन का यह सपना साकार नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु में इस बार एआईएडीएमके-भाजपा गठबंधन की सरकार बनेगी।
तमिल भाषा को लेकर लगाए गए आरोपों का जवाब
अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री स्टालिन प्रचार कर रहे हैं कि एनडीए सरकार तमिल के खिलाफ है, जबकि सच्चाई यह है कि मोदी सरकार ने ही आईएएस और आईपीएस परीक्षाओं में तमिल भाषा को शामिल किया है। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने रेलवे स्टेशनों पर तमिल भाषा में सूचना देने का ऐलान किया है।
नैनार नागेंद्रन का डीएमके सरकार पर हमला
कार्यक्रम में तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने डीएमके प्रशासन के भ्रष्टाचार और अन्यायों को लोगों के सामने उजागर किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोग अब सरकार में बदलाव चाहते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख नेता
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन के अलावा तमिलनाडु भाजपा के वरिष्ठ नेता पॉन. राधाकृष्णन, अण्णामलाई और अन्य लोग उपस्थित रहे।
















