नई दिल्ली, (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया है। फ्रेंचाइज़ी ने इस संबंध में एक आधिकारिक मीडिया रिलीज जारी कर पुष्टि की है कि यह कदम भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और आईपीएल के नियामक निर्देशों के तहत उठाया गया है।
मीडिया को दी जानकारी
कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा जारी मीडिया एडवाइजरी में कहा गया है कि बीसीसीआई/आईपीएल ने आगामी सीजन से पहले मुस्ताफिजुर रहमान को स्क्वॉड से रिलीज करने का निर्देश दिया था। इसके बाद सभी आवश्यक प्रक्रियाओं और आपसी परामर्श के तहत इस निर्णय को लागू किया गया। फ्रेंचाइज़ी ने यह भी स्पष्ट किया है कि आईपीएल नियमों के अनुसार बीसीसीआई ने केकेआर को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी शामिल करने की अनुमति दे दी है, जिसकी जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी।
रहमान को 9 करोड़ से अधिक में खरीदा था
मुस्ताफिजुर रहमान को केकेआर ने दिसंबर में हुई आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह इस सीजन के लिए अनुबंध पाने वाले इकलौते बांग्लादेशी खिलाड़ी थे। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों खासकर हिंदुओं की हत्या के बाद भारत में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रति आक्रोश है।
इन खिलाड़ियों पर फोकस
मुस्ताफिजुर के रिलीज होने के बाद केकेआर का आईपीएल 2026 स्क्वॉड अब अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, उमरान मलिक, कैमरून ग्रीन, रचिन रवींद्र, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी और अन्य खिलाड़ियों के साथ आगे की रणनीति पर काम करेगा। फ्रेंचाइज़ी की नजर अब रिप्लेसमेंट खिलाड़ी पर है, जिससे टीम संतुलन को मजबूत किया जा सके।











