आज के समय में बिजली हमारी जिंदगी की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है। चाहे गर्मी हो या बरसात, बिना बिजली के घर चलाना लगभग नामुमकिन हो गया है। पंखा, कूलर, एसी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और मोबाइल चार्जिंग जैसी रोजमर्रा की चीजें पूरी तरह बिजली पर निर्भर हैं। ऐसे में हर महीने आने वाला भारी-भरकम बिजली बिल आम लोगों की जेब पर भारी पड़ता है। खासकर मिडिल क्लास और कम आय वाले परिवारों के लिए यह एक बड़ी परेशानी बन गई है।
लगातार बढ़ती बिजली दरों और बार-बार होने वाली कटौती ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। लेकिन अब इस परेशानी से राहत पाने का एक बेहतरीन रास्ता सामने आया है। सरकार की एक खास योजना के जरिए आप न सिर्फ बिजली बिल से छुटकारा पा सकते हैं, बल्कि भविष्य में बढ़ने वाली बिजली की कीमतों से भी सुरक्षित रह सकते हैं।
क्या है पीएम सूर्य घर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फरवरी 2024 में PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana की शुरुआत की गई थी। इस योजना का मकसद देश के करोड़ों घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है। इसके तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाते हैं, जिससे लोग खुद बिजली बना सकें। सरकार ने इस योजना के लिए करीब 75 हजार करोड़ रुपये का बजट तय किया है और लक्ष्य रखा है कि 2026–27 तक 1 करोड़ घरों में सोलर पैनल लगाए जाएं। अगर आपके घर में सही क्षमता का सोलर सिस्टम लगा है, तो आपको हर महीने करीब 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिल सकती है। इतना ही नहीं, अगर जरूरत से ज्यादा बिजली बनती है, तो उसे ग्रिड में भेजा जा सकता है, जिससे आपको अतिरिक्त कमाई भी हो सकती है।
यह भी पढ़ें- PM Kisan Yojana: एक परिवार से कितने लोग ले सकते हैं 6,000 रुपये? जानिए पूरा नियम
कैसे मिलेगा बिजली बिल से छुटकारा- सोलर पैनल लगने के बाद आपकी बिजली की निर्भरता काफी हद तक खत्म हो जाती है। दिन में बनने वाली बिजली आप खुद इस्तेमाल कर सकते हैं और बची हुई बिजली सरकार को बेच सकते हैं। इससे न सिर्फ आपका बिल जीरो हो सकता है, बल्कि भविष्य में बिजली के बढ़ते रेट की चिंता भी खत्म हो जाती है। सरकार इस योजना के तहत सीधी सब्सिडी देती है, जो सिस्टम की क्षमता पर निर्भर करती है- 1 किलोवाट सोलर सिस्टम पर ₹30,000 तक की सब्सिडी, 2 किलोवाट सिस्टम पर – ₹60,000 तक की सब्सिडी, 3 किलोवाट या उससे अधिक पर अधिकतम ₹78,000 तक की मदद, यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है। इस स्कीम का फायदा वे लोग उठा सकते हैं जो भारत के नागरिक हैं, जिनका अपना घर है, जिनके घर में बिजली का वैलिड कनेक्शन है, जिन्होंने पहले किसी दूसरी सोलर सब्सिडी स्कीम का फ़ायदा नहीं उठाया है, जिनकी छत सोलर पैनल लगाने के लिए सही है।
आवेदन कैसे करें- सबसे पहले www.pmsuryaghar.gov.in वेबसाइट पर जाएं। वहां रजिस्ट्रेशन करें। अपना बिजली उपभोक्ता नंबर डालकर आवेदन पूरा करें। इसके बाद DISCOM से तकनीकी मंजूरी मिलेगी। मंजूरी मिलने के बाद रजिस्टर्ड वेंडर आपके घर सोलर पैनल लगाएगा। इंस्टॉलेशन और जांच के बाद नेट मीटर लगाया जाएगा। अंत में सब्सिडी की राशि सीधे आपके बैंक खाते में भेज दी जाएगी। यह योजना न सिर्फ आपके बिजली बिल को कम करती है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी फायदेमंद है। सोलर एनर्जी से प्रदूषण नहीं होता और यह एक साफ-सुथरा ऊर्जा स्रोत है। साथ ही, इससे देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने में भी मदद मिलती है।















