30 दिसंबर 2025 से 05 जनवरी 2026 तक राज्य में ट्रैफिक मैनेजमेंट पर खास ध्यान दिया जाए। प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था के साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि पर्यटकों और आगन्तुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। ये निर्देश CM पुष्कर सिंह धामी ने सीनियर पुलिस अधिकारियों के साथ मीटिंग के दौरान दिए। सीएम धामी ने पुलिस द्वारा नियमित रात्रिकालीन गश्त की जाए। पुलिस के उच्चाधिकारी भी कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करें। प्रदेश में कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
नए साल पर उत्तराखंड में सुरक्षा और यात्री सुविधा पर सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नए साल 2026 के लिए यात्रा की सुरक्षा, टूरिस्ट की सुविधा, ट्रैफिक मैनेजमेंट और कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए सचिवालय में एक बैठक के दौरान अधिकारियों को राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में आपराधिक कृत्य करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा। मुख्यमंत्री ने बड़े टूरिस्ट जगहों, ज़्यादा ट्रैफिक वाले और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम करने के भी निर्देश दिए। नए साल के लिए सभी जिलों को ट्रैफिक मैनेजमेंट, सही इंफ्रास्ट्रक्चर और पार्किंग, बिना कंट्रोल वाली गाड़ियों की आवाजाही और शराब पीकर गाड़ी चलाने पर खास नज़र रखने और शराब की दुकानों के आसपास पूरी सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाले सभी पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और मेहमाननवाजी का पूरा ध्यान रखा जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित हो कि चैकिंग के नाम पर आम जनता एवं पर्यटकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
अतिक्रमण पर सख्ती, फायर सेफ्टी और त्वरित पुलिस कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में जिन स्थानों पर सड़कों पर अतिक्रमण की समस्याएं आ रही हैं, उन्हें सख्ती से हटाया जाए। जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, परिवहन तथा एमडीडीए टास्क फोर्स बनाकर सड़कों से निरंतर अतिक्रमण हटायें। अन्य जनपदों में भी जहां सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या है, इस पर निरंतर कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर होटल और रिसार्ट्स में भी फायर सेफ्टी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को देखा जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी प्रकार की घटना की स्थिति में पुलिस 5 मिनट के अन्दर मौके पर पहुंच जाए।
शीतकालीन यात्रा व स्वच्छता पर मुख्यमंत्री का विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि शीतकालीन यात्रा के दृष्टिगत भी सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखी जाएं। पर्यटकों की सुविधा के लिए जानकारी केन्द्रों की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। जन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्ट्रीट लाइट एवं शीतकाल के दृष्टिगत अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिए जाने तथा प्लास्टिक मुक्ति के लिए अभियान चलाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस मुहिम में सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक संगठनों के साथ ही आम लोगों से भी सहयोग लिया जाए। बैठक में , मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, गृह सचिव शैलेश बगोली, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, गढ़वाल कमिश्नर एवं सचिव विनय शंकर पाण्डेय, सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरूगेशन, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, शासन एवं पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा वर्चुअल माध्यम से आईजी कुमांऊ रिद्धिम अग्रवाल, सभी जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।

















