Coldest Place In India: भारत में जब सबसे ठंडी जगहों की बात होती है तो अधिकतर लोगों के दिमाग में उत्तराखंड, कश्मीर, हिमाचल या जम्मू-कश्मीर इत्यादि जगहों के नाम आते होंगे। लेकिन देश की सबसे ठंडी जगह कहीं और ही है। जाड़ों में यहां का पानी तक जम जाता है और यहां पहुंचने वाली सड़कें बंद हो जाती हैं। यह जगह भारत के सबसे उत्तरी छोर पर है। आइए इस जगह के बारे में जानते हैं?
कारगिल जिले में स्थित द्रास है सबसे ठंडी जगह
लद्दाख के कारगिल जिले में स्थित द्रास (Dras) भारत की सबसे ठंडी जगह है। यह साइबेरिया के बाद धरती की सबसे ठंडी जगहों में से एक है। सर्दियों में लद्दाख के कारगिल जिले में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास स्थित द्रास का तापमान -40°C तक नीचे चला जाता है। यहां की सर्दियां सबसे मुश्किल मानी जाती हैं क्योंकि इतनी ज्यादा ठंड पड़ती है कि लोग घरों से बाहर तक नहीं निकल पाते हैं।
श्रीनगर-लेह हाईवे पर स्थित है ये जगह
द्रास लद्दाख के कारगिल जिले में श्रीनगर-लेह हाईवे पर है। कारगिल से यह जगह करीब 60 किलोमीटर दूर है। द्रास समुद्र तल से लगभग 3,300 मीटर की ऊंचाई पर बसा है। यह जगह पहाड़ों से घिरी है। इस घाटी में ठंडों में तापमान काफी ज्यादा नीचे गिर जाता है। इसे जगह को गेटवे ऑफ लद्दाख कहा जाता है।
कहा जाता है कि द्रास में इतनी ठंड होती है कि गीले कपड़े भी जम जाते हैं। यहां सर्दी शुरू होने से पहले ही भोजन और ईंधन जुटा कर रख लिया जाता है। 2020 तक द्रास की आबादी लगभग 27,665 थी। 2011 की जनगणना के सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार यहां की आबादी 21988 है। ऐसा नहीं है कि लोग द्रास नहीं घूमते लेकिन सर्दियों की जगह यहां घूमने का सबसे उपयुक्त समय मई-जून है। इस मौसम में टूरिस्ट इस जगह की सैर कर सकते हैं।

















