उत्तरकाशी: गंगोत्री यमुनोत्री धामों के प्रवेश द्वार माने जाते बाड़ाहाट नगर पालिका क्षेत्र को धर्म नगरी घोषित किए जाने के लिए राज्य की धामी सरकार से आग्रह किया गया है। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित पालिका बोर्ड की बैठक में सभी सभासदों ने एक मत होकर इस आशय के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए एक मिसाल पेश की है।
पालिका अध्यक्ष श्री चौहान ने कहा कि उत्तरकाशी बाड़ाहाट यमुनोत्री गंगोत्री का प्रवेश द्वार तो है ही साथ पुरातन सनातन तीर्थ स्थलों के केंद्र के रूप में भी स्थापित है इसका सांस्कृतिक स्वरूप बनाए रखने के लिए पालिका बोर्ड ने प्रस्ताव पारित किया है और कागजी कार्रवाई के बाद इसे शासन को प्रेषित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में धामी सरकार ने सनातन तीर्थ स्थलों के संरक्षण के लिए काम किया है, हम सभी पार्षद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर अपने नगर को धार्मिक नगरी के रूप में मान्यता दिए जाने का आग्रह करेंगे, उन्हें उम्मीद है कि धर्म रक्षक धामी हमारी मांग को स्वीकार करेंगे क्योंकि ये जनभावना है जनता की मांग पर सभी सभासद किसी विषय पर पहली बार एक मत हुए हैं।
हम सभी का कारोबार, हमारी संस्कृति तीर्थ स्थलों पर ही निर्भर है। ये धर्म नगरी बनेगी तो सभी शहरवासियों और तीर्थ यात्रियों में शुचिता के भाव भी जागृत होंगे।

















