आधार कार्ड आज हर भारतीय की पहचान का सबसे अहम दस्तावेज बन चुका है। लेकिन इसके साथ ही आधार की फोटोकॉपी के गलत इस्तेमाल और डेटा चोरी की घटनाएं भी बढ़ी हैं। इसी समस्या को देखते हुए UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) अब आधार वेरिफिकेशन को लेकर नई गाइडलाइन लाने की तैयारी कर रहा है। नई व्यवस्था के तहत होटल, इवेंट ऑर्गनाइज़र, प्राइवेट ऑफिस, सोसायटी या किसी भी अनलाइसेंस्ड संस्था को आपकी आधार फोटोकॉपी लेने या उसे अपने पास रखने की अनुमति नहीं होगी। पहचान की पुष्टि अब पूरी तरह डिजिटल तरीके से की जाएगी। इससे पहचान की चोरी (Identity Theft) और फ्रॉड का खतरा काफी कम हो जाएगा।
UIDAI के अनुसार, जो भी संस्था आधार के जरिए पहचान सत्यापित करना चाहती है, उसे पहले UIDAI में रजिस्टर होना होगा। ऐसी संस्थाओं को Offline Verification Seeking Entity कहा जाएगा। रजिस्ट्रेशन के बाद वे केवल UIDAI द्वारा अप्रूव किए गए तरीकों से ही वेरिफिकेशन कर सकेंगी। इन तरीकों में मुख्य रूप से तीन विकल्प होंगे-
QR कोड आधारित ऑफलाइन वेरिफिकेशन, UIDAI API आधारित डिजिटल ऑथेंटिकेशन, आने वाला नया Aadhaar मोबाइल ऐप। अब कागज, फोटो या PDF में आधार कॉपी देना लगभग पूरी तरह बंद किया जाएगा। UIDAI पहले भी साफ कर चुका है कि होटल, सिनेमा हॉल या इवेंट में आधार की फोटोकॉपी रखना कानूनन गलत है, क्योंकि इससे डेटा लीक और गलत इस्तेमाल का खतरा बढ़ता है। नए Aadhaar और e-Aadhaar में मौजूद सिक्योर QR कोड में आपकी फोटो और जरूरी जानकारी डिजिटल सिग्नेचर के साथ होती है। इसे स्कैन करने पर सामने वाला व्यक्ति केवल उतनी ही जानकारी देख पाएगा, जितनी जरूरी है, जैसे नाम, उम्र या फोटो।
यह भी पढ़ें- आधार कार्ड यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी, अब आप तय करेंगे कौन-सी जानकारी करनी है शेयर
UIDAI एक नए Aadhaar कार्ड डिजाइन पर भी विचार कर रहा है, जिसमें सामने सिर्फ फोटो और QR कोड होगा। बाकी निजी जानकारी हटाई जा सकती है। आम लोगों को सलाह दी जाती है कि वे e-Aadhaar या mAadhaar ऐप दिखाएं। Masked Aadhaar का इस्तेमाल करें। QR कोड स्कैन से ही वेरिफिकेशन कराने पर जोर दें। UIDAI के CEO भुवनेश कुमार ने PTI को बताया कि इस नए फ्रेमवर्क से वेरिफिकेशन प्रक्रिया तेज होगी और पहचान की चोरी का खतरा काफी हद तक खत्म हो जाएगा। कुल मिलाकर, आधार अब “फोटोकॉपी वाला कार्ड” नहीं बल्कि एक सुरक्षित डिजिटल पहचान टूल बनने जा रहा है।














