देश में पड़ रही धुंध का लाभ सीमा पार बैठे नशा तस्करों ने भी उठाना शुरू कर दिया है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत कार्रवाई करते हुए 8 किलो और एक ड्रोन बरामद किया है। यह कार्रवाई थाना घरिंडा पुलिस द्वारा की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
एसएसपी सुहेल मीर ने बताया कि गुप्ता सूचना के आधार पर डीएसपी अटारी की देखरेख में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। यह नशे की खेप सीमा पार पाकिस्तान से आई है।
गांव नेष्टा में गेहूं के खेतों से बरामद हुआ ड्रोन
थाना घरिंडा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव नेष्टा में ड्रेन के पास गेहूं के खेतों में कोई ड्रोन जैसी भारी वस्तु पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक विशेष सर्च पार्टी बनाई और बताए गए स्थान पर तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान टूटा ड्रोन और हेरोइन बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को एक टूटा हुआ ड्रोन और पीली टेप में लिपटी एक भारी वस्तु बरामद हुई। जांच करने पर पता चला कि उक्त वस्तु हेरोइन है। जब उसे तोला गया तो कुल वजन 8 किलो निकला।
56 करोड़ रुपये की बताई जा रही अंतरराष्ट्रीय कीमत
पुलिस ने ड्रोन और हेरोइन को कब्जे में ले लिया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 56 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मामले की जांच जारी, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
इस मामले में थाना घरिंडा में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल टीम किनार से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हेरोइन कहां से लाई गई और इसमें कौन-कौन शामिल है, इसकी गहराई से जांच की जा रही है। मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
















