देश में किसानों के लिए केंद्र और राज्य सरकारें कई तरह की योजनाएं चला रही हैं। इन योजनाओं का मकसद किसानों की आमदनी बढ़ाना और उन्हें आर्थिक मदद देना है। इन्हीं योजनाओं में से एक है प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, जिसके तहत पात्र किसानों को साल में 6000 रुपये दिए जाते हैं। यह राशि तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है। लेकिन अब सरकार ने इन योजनाओं का लाभ लेने के नियमों में कुछ बदलाव किए हैं। आने वाले समय में किसानों को सरकारी योजनाओं का पैसा पाने के लिए फार्मर आईडी बनवाना जरूरी हो सकता है। अगर किसी किसान के पास फार्मर आईडी नहीं होगी, तो उसकी पीएम किसान योजना की किस्त रुक भी सकती है।
फार्मर आईडी क्या है- फार्मर आईडी किसानों की एक डिजिटल पहचान है। यह आईडी सरकार के एग्री स्टैक प्रोजेक्ट के तहत बनाई जा रही है। इसमें किसान से जुड़ी खेती की लगभग पूरी जानकारी दर्ज होती है, जैसे- किसान की जमीन का रिकॉर्ड, कितनी जमीन है और कहां है, कौन-कौन सी फसल उगाई जाती है, खाद और बीज का उपयोग,पशुपालन की जानकारी, खेती से होने वाली आय। इन सभी जानकारियों के आधार पर सरकार तय करेगी कि कौन सा किसान किस योजना के लिए पात्र है।
फार्मर आईडी क्यों जरूरी हो रही है- सरकार चाहती है कि योजनाओं का लाभ सही किसान तक पहुंचे। पहले कई बार देखा गया कि फर्जी नाम, डुप्लीकेट रजिस्ट्रेशन या गलत जानकारी के कारण गलत लोगों को फायदा मिल जाता था। फार्मर आईडी से यह समस्या खत्म होगी। इस आईडी को पीएम किसान सम्मान निधि से भी जोड़ा जाएगा। इससे फायदा यह होगा कि सही किसान को सही समय पर पैसा मिलेगा, फर्जी रजिस्ट्रेशन खत्म होंगे, बार-बार दस्तावेज देने की जरूरत नहीं पड़ेगी, भविष्य की सभी कृषि योजनाएं इसी आईडी से जुड़ेंगी।
फार्मर आईडी कैसे बनवाएं- फार्मर आईडी बनवाने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है। किसान इसे खुद भी बना सकते हैं। इसके लिए नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करें सबसे पहले अपने राज्य के AgriStack Portal पर जाएं। वहां Create New User पर क्लिक करें। अब अपना आधार नंबर डालें और KYC प्रक्रिया शुरू करें। शर्तों को ध्यान से पढ़ें और सहमति दें। आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP को डालकर वेरिफिकेशन करें। इसके बाद मोबाइल नंबर दोबारा डालकर OTP से पुष्टि करें। अब एक नया पासवर्ड बनाएं और सेव कर लें। इस तरह आपकी यूजर आईडी तैयार हो जाएगी।
जमीन की जानकारी कैसे भरें- लॉगिन करने के बाद Farmer Type में Owner चुनें। Fetch Land Detail पर क्लिक करें। अब खसरा नंबर और जमीन से जुड़ी पूरी जानकारी भरें। अगर आपके पास एक से ज्यादा खेत हैं, तो सभी का विवरण देना जरूरी है। जमीन की जानकारी भरने के बाद Social Registry Tab में फैमिली आईडी या राशन कार्ड की जानकारी भरें। Department Approval में Revenue Department चुनें। अंत में Consent पर टिक करें और डिजिटल साइन करें। सभी स्टेप पूरे होने के बाद आपकी फार्मर आईडी प्रक्रिया में चली जाएगी।
ऑफलाइन फार्मर आईडी कैसे बनवाएं- जो किसान ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं कर पाते, उनके लिए सरकार ने सुविधा दी है। कई राज्यों में पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं। यहां किसान जाकर अधिकारियों की मदद से फार्मर आईडी बनवा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, जमीन के कागजात और मोबाइल नंबर साथ ले जाना जरूरी होता है। अगर फार्मर आईडी सही तरीके से बन जाती है, तो पीएम किसान सम्मान निधि समेत अन्य योजनाओं का पैसा बिना किसी रुकावट के मिलता रहेगा। इसलिए हर किसान को जल्द से जल्द अपनी फार्मर आईडी बनवानी चाहिए, ताकि सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।















