नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में लोग प्रदूषण से बेहाल हो गए हैं। वायु की खराब गुणवत्ता के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और आंखों में जलन की समस्या से जूझ रहे हैं। शुक्रवार को भी दिल्ली में प्रदूषण बेहद खराब श्रेणी में बरकरार है। सुबह की शुरुआत धुंध और कोहरे से हुई और आसमान में स्मॉग की हल्की चादर अभी भी दिख रही है। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के मुताबिक शुक्रवार सुबह राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 387 दर्ज किया गया।
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 से भी पार
केद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह दिल्ली के अलीपुर में एक्यूआई 306, आनंद विहार में एक्यूआई 442, अशोक विहार में 392, आया नगर में 397, बवाना में 384, बुराड़ी में 313, चांदनी चौक इलाके में 390 एक्यूआई दर्ज किया गया है। डीटीयू में 378, द्वारका सेक्टर 8 इलाके में 429, आईजीआई एयरपोर्ट टी3 इलाके में 371, आईटीओ में 409, जहांगीरपुरी में 401, लोधी रोड 354, मुंडका 409, नजफगढ़ में 346, पंजाबी बाग में 418, रोहिणी 401, विवेक विहार 442, सोनिया विहार 360, आरकेपुरम 447, वजीरपुर में 406 दर्ज किया गया है।
नोएडा और गाजियाबाद का भी प्रदूषण से हाल बेहाल
दिल्ली के साथ ही नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर काफी ज्यादा रहा है। यहां भी सुबह से ही धुंध छाई रही और AQI का स्तर 400 से पार दर्ज किया गया। सीपीसीबी के अनुसार गाजियाबाद के लोनी में AQI 282 दर्ज किया गया है। वहीं, इंदिरापुरम में AQI 332 दर्ज किया। जबकि नोएडा के कई इलाकों में एक्यूआई 400 से पार पहुंच गया है। नोएडा के सेक्टर 125 में प्रदूषण का स्तर 428, सेक्टर 62 इलाके में 369, सेक्टर 1 में 469, सेक्टर 116 इलाके में 424 एक्यूआई दर्ज किया गया है। गुरुग्राम का भी प्रदूषण के मामले में यही हाल रहा। यहां कई इलाकों का AQI 350 से लेकर 400 के बीच दर्ज किया गया।

















