पाकिस्तानी कबड्डी खिलाड़ी उबैदुल्लाह राजपूत पर गंभीर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तलवार लटक रही है। 16 दिसंबर को बहरीन में आयोजित एक निजी टूर्नामेंट के दौरान वह भारतीय टीम की शर्ट पहनकर खेलते और भारतीय झंडा लहराते नजर आए। जिसके बाद इस घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गए और मामला तूल पकड़ गया।
जीसीसी कप का वीडियो बना विवाद की वजह
दरसल यह पूरा विवाद जीसीसी कप नामक निजी टूर्नामेंट से जुड़ा है। वायरल फुटेज में उबैदुल्लाह राजपूत को भारतीय रंगों में खेलते देखा गया, जिसे पाकिस्तान कबड्डी महासंघ ने गंभीर अनुशासनहीनता माना है।
यह भी पढ़ें – बॉन्डी बीच आतंकी हमला: गीर्ट वाइल्डर्स बोले- पाकिस्तान 100% आतंकी देश, उसे अलग-थलग करें
पीकेएफ की आपात बैठक
वहीं इस घटना के बाद पाकिस्तान कबड्डी महासंघ (पीकेएफ) के सचिव राणा सरवर ने पुष्टि की है कि इस मामले को लेकर 27 दिसंबर को एक आपात बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में उबैदुल्लाह राजपूत सहित कुछ अन्य खिलाड़ियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
निजी टूर्नामेंट में देशों के नाम पर बनी थी टीमें
वहीं अगर राणा सरवर की माने तो यह एक निजी टूर्नामेंट था, जिसमें आयोजकों ने भारत, पाकिस्तान, कनाडा और ईरान जैसे नामों से टीमें बनाई थीं। हालांकि सभी टीमों में संबंधित देशों के खिलाड़ी शामिल थे। सरवर ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने भारतीय निजी टीम का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन उबैदुल्लाह का उस टीम के लिए खेलना पाकिस्तान कबड्डी महासंघ को स्वीकार्य नहीं है।
यह भी पढ़ें – हिजाब विवाद में पाकिस्तानी डॉन की एंट्री! कहा- माफी मांग लें वरना…
बिना अनुमति बहरीन गए थे पाकिस्तानी खिलाडी
बता दें कि पीकेएफ सचिव ने यह भी दावा किया कि 16 पाकिस्तानी खिलाड़ी बिना पाकिस्तान खेल बोर्ड या महासंघ की अनुमति के बहरीन गए थे। उन्होंने साफ किया कि इन खिलाड़ियों के खिलाफ भी पाकिस्तान टीम के नाम के दुरुपयोग को लेकर कार्रवाई की जाएगी।
उबैदुल्लाह राजपूत ने मांगी माफी
वहीं विवाद बढ़ने के बाद उबैदुल्लाह राजपूत ने माफी मांगते हुए अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि उन्हें बहरीन में खेलने के लिए आमंत्रित किया गया था और बताया गया था कि यह एक निजी टीम है। बाद में उन्हें पता चला कि टीम का नाम भारतीय टीम रखा गया है।
टीम के नाम को लेकर जताई थी आपत्ति
राजपूत ने आगे बताया कि जैसे ही उन्हें जानकारी मिली, उन्होंने आयोजकों से भारत और पाकिस्तान के नाम इस्तेमाल न करने की अपील की थी। उनका कहना है कि उनका इरादा किसी देश की भावना को ठेस पहुंचाने का नहीं था, लेकिन अब उन्हें अपने फैसले पर अफसोस है।











