ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर रविवार को ऑटोमैटिक राइफलों से लैस दो आतंकियों ने 12 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। एक हत्यारे को पुलिस ने मार गिराया, जबकि दूसरे को जख्मी हालत में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह वारदात उस समय हुई, जब बीच पर यहूदी समुदाय के करीब 1,000 लोग हनुक्का का उत्सव मना रहे थे। आतंकियों के हमले का पैटर्न पहलगाम आतंकी हमला जैसा है। पहलगाम में कायर आतंकियों ने पर्यटकों को इसी तरह निशाना बनाया था।
हथियारों से लैस दोनों हत्यारों ने भीड़ पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। हमले में करीब 25 लोग घायल हुए हैं। पुलिस कमिश्नर मैल लैन्योन ने आधिकारिक तौर पर इसे “आतंकवादी घटना” बताया और कहा कि घटनास्थल पर 1,000 से ज़्यादा लोग थे, जिनमें से कई यहूदी उत्सव हनुक्का मना रहे थे। गोलीबारी की इस घटना में एक बच्चा सहित 29 घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। इनमें दो पुलिस अधिकारी भी हैं, जिनकी हालत गंभीर है। मृत आतंकी की कार में एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) मिला है।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने हमले को यहूदियों के खिलाफ एक कायराना हरकत करार दिया। उन्होंने कहा कि “यह यहूदी विरोधी और आतंकवादी कृत्य है जिसने हमारे देश के दिल पर हमला किया है। हिंसा और नफरत की इस घटिया हरकत के लिए कोई जगह नहीं है।”
एक आतंकी की पहचान हुई
हमला करने वाले एक आतंकी की पहचान 24 वर्षीय नवीद अकरम के रूप में हुई है। उसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। नवीद पाकिस्तानी मूल का है और सिडनी में ही रहता है। पुलिस ने उसके घर पर छापा भी मारा है।
न्यू साउथ वेल्स पुलिस आयुक्त माल लैन्योन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों को लेकर कहा कि यह प्रतिशोध का समय नहीं है, पुलिस को अपना काम करने दें। उन्होंने आगे कहा कि संदिग्धों में से एक के बारे में पुलिस को बहुत कम जानकारी है, इसलिए इस समय हम उस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने की कड़ी निंदा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर आज हुए भयावह आतंकी हमले की हम कड़ी निंदा करते हैं। इस हमले में यहूदी त्योहार हनुक्का के पहले दिन का जश्न मना रहे लोगों को निशाना बनाया गया। भारत की ओर से, मैं उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। दुख की इस घड़ी में हम ऑस्ट्रेलिया के लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ लड़ाई का समर्थन करता है।”
इजरायल का आया बयान
इजराइल ने कहा कि हम यहूदी त्योहार हनुक्का के दौरान सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुए भयानक हमले की कड़ी निंदा करते हैं और जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने की कड़ी निंदा
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि वे इस घटना से काफी दुखी हैं। उन्होंने सभी तरह की हिंसा और यहूदी विरोधी भावना की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
ब्रिटेन और फ्रांस ने क्या कहा
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि बोंडी बीच पर हुए भयानक हमले से प्रभावित सभी लोगों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीड़ितों, घायलों और उनके प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि हम ऑस्ट्रेलियाई लोगों के दर्द में उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि यहूदी विरोधी नफरत के खिलाफ लगातार लड़ते रहेंगे, जो हम सभी को नुकसान पहुंचाती है, चाहे वह कहीं भी हमला करे।
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव का बयान
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि सिडनी में हनुक्का मनाने के लिए इकट्ठा हुए यहूदी परिवारों पर आज हुए इस भयानक जानलेवा हमले से बहुत दुखी हूँ और इसकी निंदा करता हूं। हनुक्का के पहले दिन, जो शांति और रोशनी के चमत्कार की जीत का त्योहार है, मेरी संवेदनाएँ दुनिया भर के यहूदी समुदाय के साथ हैं।
(इनपुट हिंदुस्थान समाचार)

















