आधार अब सिर्फ एक पहचान पत्र नहीं, बल्कि देश की डिजिटल व्यवस्था की रीढ़ बन चुका है। इसी दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए UIDAI ने नया आधार ऐप लॉन्च किया है, जिसने आम लोगों की सुविधा को काफी बढ़ा दिया है। इस ऐप के आने के बाद अब मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए न तो आधार केंद्र की लाइन में लगना पड़ेगा और न ही पोस्ट ऑफिस के चक्कर काटने होंगे। कुछ ही मिनटों में यह काम घर बैठे मोबाइल से पूरा किया जा सकता है।
नए आधार ऐप की सबसे खास बात यह है कि इसे एंड्रॉयड और iPhone दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है। 2 दिसंबर के अपडेट के साथ इसमें दो अहम सुविधाएं जोड़ी गई हैं- मोबाइल नंबर अपडेट करने का विकल्प और नया फीचर My Contact Card। फिलहाल ऐप में केवल मोबाइल नंबर बदलने की सुविधा दी गई है, लेकिन आने वाले समय में नाम, पता और ईमेल आईडी अपडेट करने का विकल्प भी जोड़ा जाएगा।
एक QR कोड, सुरक्षित और सीमित पहचान- My Contact Card फीचर डिजिटल पहचान को और आसान बनाता है। इस फीचर के जरिए यूजर को एक अलग QR कोड मिलता है, जो सामान्य आधार QR से अलग होता है। जहां सामान्य QR कोड स्कैन करने पर नाम, पता, जन्मतिथि और फोटो जैसी पूरी जानकारी दिखाई देती है, वहीं My Contact Card का QR कोड केवल नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दिखाता है। यानी जरूरत के मुताबिक सीमित और सुरक्षित जानकारी साझा की जा सकती है। आज के समय में स्कूल एडमिशन, बैंक खाता खोलने, पैन कार्ड बनवाने या यात्रा से जुड़े कामों में आधार मांगा जाता है। ऐसे में My Contact Card एक बेहद उपयोगी फीचर साबित हो सकता है। होटल में चेक-इन, सोसाइटी एंट्री या किसी इवेंट में पहचान दिखाने के लिए अब कागजी आधार की फोटो कॉपी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सिर्फ QR कोड स्कैन करके पहचान सत्यापित की जा सकेगी।
यह भी पढ़ें- आधार कार्ड में नया मोबाइल नंबर ऐसे करें अपडेट, डॉक्यूमेंट अपलोड करने की नहीं रहेगी जरूरत
ऑफलाइन वेरिफिकेशन की सुविधा- UIDAI के अनुसार यह ऐप पूरी तरह सुरक्षित है और इसमें ऑफलाइन वेरिफिकेशन की सुविधा भी दी गई है। QR कोड और फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए बिना इंटरनेट के भी पहचान जांची जा सकती है, जिससे फर्जीवाड़े की संभावना काफी कम हो जाती है। साथ ही यूजर के पास पूरा नियंत्रण रहता है कि वह कौन-सी जानकारी साझा करना चाहता है। कुल मिलाकर नया आधार ऐप और My Contact Card फीचर डिजिटल इंडिया की सोच को मजबूती देते हैं। यह न केवल समय और मेहनत बचाता है, बल्कि कागजों पर निर्भरता कम कर आधार के उपयोग को पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुरक्षित बनाता है।














