गुवाहाटी। सिंगापुर में 19 सितंबर को प्रख्यात गायक जुबीन गर्ग की संदिग्ध मौत मामले में असम पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने शुक्रवार को अदालत में विस्तृत चार्जशीट दाखिल की। मामले में आपराधिक षड्यंत्र, गैर इरादतन हत्या, लापरवाही से मौत और हत्या की धाराएं जोड़ी गई हैं।
एसआईटी ने करीब 3500 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट तैयार की है। जांच के दौरान इस प्रकरण से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था। 300 से अधिक गवाहों से पूछताछ भी की जा चुकी है। एसआईटी प्रमुख मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने संवाददाता सम्मेलन में जांच की प्रगति की पुष्टि की थी।

शुक्रवार को चार्जशीट को सबूतों के साथ चार बक्सों में लाया गया। एसआईटी में 9 सदस्य हैं। छह गाड़ियों के काफिले के साथ एसआईटी की टीम पहुंची। चार्जशीट सीआईडी केस नंबर 18/25 से संबंधित है, जबकि केस नंबर 19/25 की जांच फिलहाल जारी रहेगी। एसआईटी के अनुसार, जुबिन की मौत की परिस्थितियों को समझने के लिए अब तक 300 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई है।
इनके खिलाफ मामला दर्ज
संगीतकार शेखरज्योति गोस्वामी पर धारा 3, 61, 103, 318 और 316 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। जुबीन के चचेरे भाई व डीएसपी संदीपान गर्ग के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उनके दाे निजी अंगरक्षकों परेश बैश्य और नंदेश्वर बोरा के खिलाफ क्रमशः धारा 61, 316(5) तथा 61(2), 316(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। गायक अमृतप्रभा महंत पर भी कई धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
असम के सीएम का बयान
इधर, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को डिब्रूगढ़ में कहा कि चार्जशीट दाखिल होने के बाद एसआईटी और पुलिस का कार्य लगभग पूरा हो जाएगा और निर्धारित प्रक्रिया के तहत न्यायिक कार्यवाही शुरू होगी। उन्होंने सभी संबंधित लोगों से अदालत की प्रक्रिया पर भरोसा बनाए रखने की अपील की है। सिंगापुर पुलिस ने इसे एक्सीडेंटल डेथ बताया था, जबकि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने इसे हत्या करार दिया है।
(इनपुट हिंदुस्थान समाचार एजेंसी)
ये भी पढ़ें – विधानसभा में बोले CM हिमंता बिस्वा सरमा, सिंगर जुबीन गर्ग की हुई थी हत्या











