नैनीताल: हल्द्वानी के राजपुरा वार्ड नंबर 13 निवासी 19 वर्षीय जयदीप कश्यप का अग्निवीर में चयन हो गया है। चयन के बाद जयदीप अब ट्रेनिंग के लिए कोयंबटूर रवाना हो गए हैं। रानीखेत में आयोजित अग्निवीर भर्ती में उन्होंने सभी चरण सफलता पूर्वक पास किए हैं।
युवा जयदीप के पिता सुनील कश्यप वर्कशॉप लाइन क्षेत्र में चाय का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
आर्थिक रूप से साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले जयदीप ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर सेना में जगह बनाई है। प्रतिदिन सड़कों पर दौड़ लगाकर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने वाले जयदीप का सालों से सेना में जाने का सपना था जोकि उनके जुनून से पूरा हो गया।
अग्निवीर में चयन की जानकारी मिलते ही पूरे राजपुरा क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। पड़ोसी, रिश्तेदार और क्षेत्र के लोग जयदीप के घर पहुँचकर उन्हें बधाई दे रहे हैं। अग्निवीर जयदीप कश्यप ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया है।

















