सर्दियों का मौसम आते ही ठंडी हवाएं चलने लगती हैं और हमारा शरीर गर्म चीजें खाने-पीने की डिमांड करने लगता है। ऐसे में अगर हर शाम या रात को गरमा-गरम वेजिटेबल सूप मिल जाए तो ना सिर्फ स्वाद बढ़ जाता है, बल्कि सेहत के लिए भी यह बेहद फायदेमंद होता है। सब्जियों से तैयार यह सूप कई तरह के विटामिन और मिनरल्स से भरा होता है, जो हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत रखते हैं। आइए जानते हैं, सर्दियों में रोजाना वेजिटेबल सूप पीने के क्या-क्या फायदे होते हैं।
इम्युनिटी मजबूत
सर्दियों में ठंड, खांसी-जुकाम जैसी बीमारियां जल्दी लग जाती हैं। वेजिटेबल सूप में विटामिन A, C, एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर अच्छी मात्रा में होते हैं, जो शरीर को वायरस और बैक्टीरिया से लड़ने की ताकत देते हैं। गाजर, टमाटर, शिमला मिर्च, अदरक, लहसुन जैसी सब्जियां इम्युनिटी बढ़ाने में खास मदद करती हैं।
शरीर को दे गर्माहट
ठंड में शरीर का तापमान कम हो जाता है। गर्म सूप पीने से शरीर अंदर से गर्म रहता है और ठंड लगने की संभावना कम होती है। सूप पाचन में हल्का होने के बावजूद शरीर को पर्याप्त ऊर्जा देता है।
वजन कम करने में मददगार
अगर आप मोटापे से परेशान हैं, तो शाम के स्नैक्स की जगह वेज सूप पीना बहुत फायदेमंद है। इसमें कैलोरी कम और पानी तथा फाइबर ज्यादा होता है, जिससे पेट जल्दी भर जाता है और ज्यादा खाने की इच्छा कम होती है। साथ ही यहमेटाबॉलिज्म बढ़ाकर फैट बर्निंग में मदद करता है।
पाचन तंत्र दुरुस्त
ठंड में कई बार खाना ज्यादा भारी खा लिया जाता है, जिससे गैस या कब्ज की समस्या होने लगती है। सूप में मौजूद फाइबर पाचन सही रखता है और आँतों को हेल्दी बनाता है। अदरक और काली मिर्च डालकर बनाया सूप पाचन के लिए और भी लाभदायक बन जाता है।
त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद
वेजिटेबल सूप में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन्स त्वचा को अंदर से पोषण देते हैं। इससे त्वचा में नमी बनी रहती है और सर्दियों में स्किन ड्राई नहीं होती। साथ ही, अच्छे पोषण से बाल भी मजबूत और शाइनी रहते हैं।
यह भी पढ़ें- हल्दी दूध के 7 जबरदस्त फायदे, जो हर किसी को जानने चाहिए
डिटॉक्स करने में मदद
सूप शरीर में जमा टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है। बीटरूट, पालक, टमाटर, लौकी जैसी सब्जियाँ शरीर को प्राकृतिक रूप से साफ करती हैं और लिवर की सेहत भी बेहतर बनाती हैं।
दिल के लिए अच्छा
सब्जियों में मौजूद फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखते हैं, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा कम होता है। सूप में तेल बहुत कम होता है, इसलिए यह हार्ट-फ्रेंडली डाइट माना जाता है।
कैसे बनाएं और क्या डालें?
सर्दियों के वेज सूप में आप ये सब्जियां जरूर डालें- गाजर, बीन्स, गोभी, मटर, मकई, लौकी, टमाटर, पालक, शिमला मिर्च, अदरक और लहसुन। ऊपर से थोड़ा काली मिर्च और नींबू डालें, स्वाद और फायदे दोनों बढ़ जाएंगे।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)

















