पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बलां के प्रमुख संत निरंजन दास जी ने दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और आने वाली फरवरी में श्री गुरू रविदास महाराज जी पावन गुरूपर्व पर होने वाले कार्यक्रम में पी.एम को शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान संत निरंजन दास जी ने प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत करते हुए अपील की कि साल 2027 में श्री गुरू रविदास जी महाराज जी के 650वें गुरूपर्व को देशभर में मनाया जाए और देश दुनिया में श्री गुरू रविदास जी के संदेश को पहुंचाया जाए।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को यादगार चिन्ह भी भेंटस्वरूप दिया। बता दें कि डेरा सचखंड बलां पंजाब के जालंधर जिले में स्थित है और इस स्थान पर श्री गुरू रविदास नामलेवा संगत बड़ी संख्या में पहुंचती है। हर वर्ष काशी में मनाए जाने वाले श्री गुरू रविदास जी के गुरूपर्व पर यहां से संगत की विशेष ट्रेनों के अलावा बड़ी संख्या में संगत गाड़ियों के बड़े काफिले में भी काशी को जाती है। संत निरंजन दास जी की पी.एम मोदी के आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान भाजपा के महामंत्री तरूण चुघ, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।













