नशे के खिलाफ बड़े-बड़े वायदे करके पंजाब में सत्ता में आई आम आदमी पार्टी ने उड़ता पंजाब को लगभग उजड़ता पंजाब बना दिया है, हाल यह हैं कि शहरों के साथ-साथ गांवों में राशन की तरह नशा बिक रहा है। बठिंडा के एक गांव में तो लोगों ने तंग आकर हर चौक पर लिखवा दिया है कि ‘चिट्टा (हेरोइन) एत्थे मिलदा है।’ बठिंडा जिले के गांव मोड़ कलां में चिट्टे के प्रकोप से तंग आकर लोगों ने घरों दीवारों पर साफ-साफ लिखा है कि यहां चिट्टा सरेआम बिकता है। वहीं जब पुलिस को इस बारे में सूचना मिली तो पुलिस कर्मियों ने चिट्टा शब्द पर कालिख पोत दी। थाना मोड़ के एसएचओ तरनदीप सिंह का कहना था कि नशे की दिक्कत तो है, लेकिन पुलिस कार्रवाई भी कर रही है।
गांव मोड़ कलां की महिला मंजीत कौर और कृष्णा ने बताया कि उनके गांव में सरेआम चिट्टा बिक रहा है। गांव के कई युवा चिट्टे की वजह से मर चुके हैं। किसी ने अपना बेटा खो दिया तो किसी का सुहाग उजड़ गया है। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र में ही गांव की शादीशुदा महिलाएं विधवा हो रही हैं। ऐसे में अब महिलाएं काम कर रही हैं जबकि उनके युवा बेटे चिट्टे की चपेट में आकर जान गंवा रहे हैं। महिलाओं ने रोते हुए कहा कि सरकार हमारी फरियाद सुने और चिट्टा बेचने वालों के साथ साथ उनको शह देने वाले लोगों पर भी कारवाई करें।
चिट्टा तस्करों और पुलिस की मिलीभगत
महिलाओं ने आरोप लगाया कि चिट्टा तस्करों के साथ पुलिस भी मिली हुई है। पुलिस को पता होने के बावजूद भी वो चिट्टा तस्करों पर कार्रवाई नहीं कर रही, जिससे दुखी होकर अब उन्होंने काली स्याही के साथ दीवार पर लिखा है कि इधर चिट्टा सरेआम बिकता है। थाना मोड़ के एसएचओ तरनदीप सिंह का कहना है कि उक्त गांव में नशे की समस्या तो है, लेकिन वो जैसे जैसे उनके पास नशा तस्करों की सूचना पहुंचती है, वो तुरंत उन पर कारवाई करते हैं।
जबरन टीका लगाने से युवक की मौत
तरनतारन के मोहल्ला नानकसर में गत दिनों एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिवार ने पुलिस कार्रवाई से असंतोष जताते हुए सडक़ पर धरना दे दिया था। मामले की जांच में पुलिस ने अब चार व्यक्तियों को नामजद किया है, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। डीएसपी सिटी राजेश कक्कड़ के अनुसार मृतक अभय कुमार उर्फ अभी के पिता विजय कुमार ने आरोप लगाया कि बाऊ राम के पुत्र विजय कुमार, मलकीत सिंह, निशान सिंह उर्फ पुष्पा और नवप्रीत सिंह ने नशे का टीका लगाकर उनके बेटे की मौत का कारण बनाया। पुलिस ने मलकीत सिंह और निशान सिंह को हिरासत में लिया है। डीएसपी ने कहा कि रिमांड में पूछताछ के दौरान और खुलासे हो सकते हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज किया गया है और कानूनी कार्रवाई जारी है। परिवार का विरोध मृतक के परिजन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सडक़ पर प्रदर्शन किया जिससे मामला तूल पकड़ गया।
सरेआम लगा रहे थे नशे का इंजेक्शन, वीडियो वायरल
लुधियाना के समराला चौक का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसने शहर में बढ़ते नशे की भयावह तस्वीर उजागर कर दी है। वीडियो में एक युवक खुलेआम दूसरे युवक को नशे का इंजेक्शन लगाता दिखाई दे रहा है जबकि तीसरा उनके पास खड़ा होकर पूरा मंजर देख रहा है। राहगीर की ओर से वीडियो बनाए जाने पर दो युवक मौके से भाग निकले जबकि एक वहीं रुक गया। पूछताछ में उसने बताया कि वे सिविल अस्पताल से फ्री मिलने वाली नशा छुड़ाने वाली गोलियों को पानी में घोलकर इंजेक्शन तैयार करते हैं और सिरिंज किसी भी डिस्पेंसरी से आसानी से मिल जाती है। सबसे हैरानी की बात यह है कि यह सब शहर के व्यस्त समराला चौक पर हो रहा था जहां ट्रैफिक पुलिस हमेशा मौजूद रहती है। घटना ने सरकार की युद्ध नशे के विरुद्ध मुहिम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कमिश्नरेट पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पंजाब के बठिंडा के गांव मोड़ कलां में गांव की महिलाएं चिट्टे के नशे से दुखी हैं। गांव के कई युवा चिट्टे की वजह से मर चुके हैं। महिलाएं विधवा हो चुकी हैं। कई माताओं को जवान बेटे नशे की वजह से मौत के मुंह में समा चुके हैं। ऊपर से पंजाब सरकार नशे के खिलाफ सफल संघर्ष होने के दावे कर रही है।

















