साल 2025 भारतीय सिनेमा के लिए काफी दिलचस्प रहा। बड़े-बड़े सुपरस्टार्स की फिल्में जहां उम्मीद के मुताबिक नहीं चलीं, वहीं कई नई और कम बजट वाली फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की। इस साल की शुरुआत से ही दर्शकों का रुझान कंटेंट-आधारित फिल्मों की तरफ बढ़ा है। इसी वजह से जिन फिल्मों की कहानी दमदार थी, वे आसानी से हिट हो गईं।
सलमान खान जैसे बड़े स्टार की कमबैक फिल्म सिकंदर से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ नहीं बना पाई और फ्लॉप हो गई। इसके उलट नए एक्टर अहान पांडे की फिल्म सैयारा ने धीरे-धीरे लोगों के बीच अपना स्थान बनाया और स्लीपर हिट बन गई। वहीं छावा और कांतारा चैप्टर 1 जैसी फिल्में भी खूब चलीं और थिएटर्स में धमाल मचाती रहीं। लेकिन इन सब फिल्मों के बीच एक फिल्म ऐसी रही जिसने करोड़ों का मुनाफा कमाकर सबको चौंका दिया।
50 लाख के बजट में 75 करोड़ की कमाई- यह फिल्म है गुजराती भाषा में बनी लालो-कृष्णा सदा सहायताते। 10 अक्टूबर 2025 को रिलीज हुई इस फिल्म का बजट मात्र 50 लाख रुपये था। कम बजट वाली यह भक्ति ड्रामा फिल्म दर्शकों को इतनी पसंद आई कि इसने 75 करोड़ रुपये का रिकॉर्डतोड़ कलेक्शन कर डाला। इसका मतलब यह फिल्म अपने बजट से 150 गुना ज्यादा मुनाफा कमाने में सफल रही। दूसरी तरफ, कई बड़े बजट वाली फिल्में और बड़े सितारों की दमदार स्टारकास्ट भी इस स्तर का मुनाफा नहीं कमा सकीं। इस लिहाज से लालो – कृष्णा सदा सहायताते इस साल की सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाली फिल्म बन गई है।
बिना बड़े सितारों के भी चली फिल्म- फिल्म का निर्देशन अंकित सखिया ने किया है। कलाकारों की बात करें तो इसमें रीवा राछ, श्रुहाद गोस्वामी, करण जोशी, अंशू जोशी और मिष्टी कडेचा जैसे गुजराती कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई दिए। इनमें से कोई भी राष्ट्रीय स्तर पर बहुत बड़ा नाम नहीं है, लेकिन इनके अभिनय और कहानी की ताकत ने फिल्म को दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना दिया। इससे एक बार फिर साबित हो गया कि अगर कहानी दमदार हो, तो फिल्म को चलने से कोई नहीं रोक सकता। फिल्म की सफलता सिर्फ बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं रही। दर्शकों ने इसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भी खूब सराहा। IMDb ने इस फिल्म को 8.7/10 की बेहतरीन रेटिंग दी है। यह बताता है कि फिल्म को आलोचक और दर्शक दोनों ने खूब पसंद किया है।

















