देहरादून । हल्द्वानी में बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के एक मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद आसिम कासमी को स्थानीय पुलिस की मदद से केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबर है,जानकारी के मुताबिक एक अन्य को भी मौलवी की निशानदेही पर हिरासत में लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार दिल्ली बम ब्लास्ट मामले में आतंकी उमर के उत्तराखंड कनेक्शन की बड़ी जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियों द्वारा उमर की कॉल डिटेल खंगालने के दौरान उसके संपर्क हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र से जुड़े पाए गए। इसी आधार पर शुक्रवार देर रात दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम और एलआईयू दिल्ली की टीम ने बनभूलपुरा में दबिश दी और बिलाली मस्जिद के इमाम को हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इमाम को पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया गया है।
रात्रि में हुई इस दबिश के बाद बनभूलपुरा स्थित बिलाल मस्जिद के बाहर लोगों का जमावड़ा लग गया ,पुलिस के भारी संख्या में जवान भी वहां मौजूद रहे और उन्होंने मस्जिद के बाहर कड़ा पहरा लगा दिया। सुबह के खबर आग की तरह फैलने के बाद शहर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए है।
इमाम कासमी के बारे में ये भी जानकारी मिली है कि बनभूलपुरा हिंसा के मामले में आरोपियों को मदद करने का अभियान भी इनके द्वारा चलाया गया था।
आईजी कुमायूं रिद्धिम अग्रवाल के अनुसार दो व्यक्तियों को सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लिया है उनसे पूछताछ की जारही है। उन्होंने इससे ज्यादा कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।

















