भारत में आज भी कई ऐसे छात्र-छात्राएं हैं जिनके अंदर प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। वे पढ़-लिखकर जीवन में बड़ा मुकाम हासिल करना चाहते हैं, लेकिन घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके कदम रुक जाते हैं। खासकर ओबीसी, ईबीसी और डीएनटी समुदाय के कई बच्चे आर्थिक मजबूरियों के चलते अपने लक्ष्य से भटक जाते हैं। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री यशस्वी स्कॉलरशिप स्कीम की शुरुआत की है। इस योजना का उद्देश्य है कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई केवल इसलिए न रुके क्योंकि उसके माता-पिता के पास स्कूल फीस या किताबों के पैसे नहीं हैं।
यह स्कॉलरशिप स्कीम उन मेधावी बच्चों को आगे बढ़ने का मौका देती है जो कठिन परिस्थितियों में भी अपनी पढ़ाई के प्रति गंभीर रहते हैं। सरकार चाहती है कि देश का हर बच्चा अच्छे स्कूलों में पढ़े और उच्च शिक्षा प्राप्त कर भारत के विकास में योगदान दे। स्कीम के तहत छात्रों की पूरी शिक्षा में आने वाला खर्च, जैसे स्कूल फीस, किताबें, स्टेशनरी और अन्य शैक्षणिक जरूरतें सरकार उठाती है।
प्रधानमंत्री यशस्वी स्कॉलरशिप स्कीम में आवेदन करने के लिए छात्र को कुछ आवश्यक योग्यताएं पूरी करनी होती हैं- समुदाय- छात्र ओबीसी, ईबीसी या डीएनटी श्रेणी से संबंध रखता हो, आर्थिक स्थिति- परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, कक्षा- छात्र कक्षा 9वीं या 11वीं में अध्ययनरत हो, स्कूल और रिजल्ट- ऐसे स्कूल में पढ़ाई हो जहाँ बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट लगातार 100% रहा हो। इन मानकों को पूरा करने वाला कोई भी छात्र इस योजना के लिए आवेदन कर सकता है। स्कीम का लाभ केवल उन्हीं छात्रों को मिलेगा जो वास्तव में योग्य और जरूरतमंद हैं। इस योजना के तहत सरकार सीधे छात्रों के बैंक अकाउंट में DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से राशि भेजती है। यानि किसी बिचौलिये की जरूरत नहीं होती और पूरा सिस्टम पारदर्शी रहता है। कक्षा 9 के छात्रों को ₹75,000 प्रतिवर्ष, कक्षा 11 के छात्रों को ₹1,25,000 प्रतिवर्ष। यह राशि बच्चों की स्कूल फीस, किताबों की खरीद, ऑनलाइन स्टडी मटेरियल और अन्य शैक्षिक खर्चों को पूरा करने में इस्तेमाल होती है। इससे छात्र बिना किसी तनाव के आगे की पढ़ाई जारी रख सकते हैं और अपने भविष्य पर बेहतर फोकस कर सकते हैं।
कैसे करें आवेदन- आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इसके लिए छात्रों को निम्न स्टेप्स फॉलो करने होते हैं- NTA (National Testing Agency) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। Register विकल्प चुनकर नया अकाउंट बनाएं। अपना नाम, ईमेल, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और पासवर्ड डालें। रजिस्ट्रेशन के बाद आवेदन फॉर्म भरें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। फाइनल सबमिट करने से पहले सभी जानकारियाँ ध्यान से जांच लें। आवेदन की PDF डाउनलोड कर सुरक्षित रखें। इसमें आपका एप्लिकेशन नंबर होता है जो आगे काम आएगा। एक बार आवेदन स्वीकृत होने पर स्कॉलरशिप की राशि छात्रों के आधार से जुड़े बैंक खाते में भेज दी जाती है।

















