जालंधर । पंजाब बचाओ मोर्चा ने बुधवार को धर्म रक्षा रैली निकाली। रैली का उद्देश्य धोखाधड़ी, लालच या ज़बरदस्ती गैर-कानूनी धर्म परिवर्तन के खिलाफ लोगों को जागरूक करना था। रैली में पंजाबभर से सैकड़ों सिख, हिंदू जत्थेबंदियों ने हिस्सा लिया और गैर-कानूनी धर्म बदलने के खिलाफ़ ज़ोरदार आवाज उठाई।
पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया
इस दौरान पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया जिसमें कई तथ्यों को उजागर किया गया। साथ ही अवैध मतांतरण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद सीनियर पुलिस अधिकारियों ने जादू-टोना करने वाले और लोगों को धर्म बदलने के लिए लालच देने वालों के खिलाफ़ जल्दी और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
जादुई चिकित्सा और अवैध गतिविधियों पर आरोप
पंजाब बचाओ मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी मिन्हास के अनुसार, पंजाब में ‘स्वयंभू’ पादरी जादुई चिकित्सा चमत्कार दिखाकर भोले-भाले लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं, जो औषधि एवं जादुई उपचार (आपत्तिजनक विज्ञापन) अधिनियम, 1954 का सीधा उल्लंघन है। इसके अलावा, इन सभी बाबाओं के पास राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के तहत मान्यता प्राप्त किसी भी मेडिकल कॉलेज से कोई मेडिकल डिग्री या पंजाब मेडिकल काउंसिल के साथ पंजीकरण नहीं है।
रैली में शामिल प्रमुख हस्तियां
इस प्रोटेस्ट में बाबा कुलविंदर सिंह 96 करोड़ी चौंटेवाले, बाबा सुखजीत सिंह मोगा (पंजाब सांझा मंच), बाबा मनप्रीत सिंह फरीदकोटी, बाबा कुलजीत सिंह (मुखी मिस्ल शहीदां तरनादल दोआबा), भगत सिंह दोआबी (चेयरमैन, मुखी मिसल शहीदां तरनादल दोआबा), मनिंदर मणि (हिंदू टाइगर संगठन, बठिंडा) समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए।
पंजाब बचाओ मोर्चा का संकल्प
पंजाब बचाओ मोर्चा ने भरोसा दिलाया है कि उनका प्रोटेस्ट और कोशिशें तब तक नहीं रुकेंगी जब तक धर्म की आड़ में यह सारा धंधा बंद नहीं हो जाता।











