नई दिल्ली: दिल्ली में एक बार फिर पिटबुल का आतंक देखने को मिला है। यहां प्रेम नगर इलाके में गली में खेल रहे छह साल के बच्चे पर पिटबुल ने हमला कर उसका कान काट लिया। अब बच्चे का इलाज सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने पीड़ित के पिता के बयान पर केस दर्ज कर पिटबुल मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
गली में खेल रहा था बच्चा तभी पिटबुल ने किया हमला…
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह घटना 23 नवंबर की शाम 5:38 बजे की है। पुलिस का कहना है कि प्रेम नगर थाने में एक पीसीआर ( PCR) कॉल आई। जिसमें कहा गया कि एक छोटे बच्चे को पिटबुल ने बुरी तरह काट लिया है और माता-पिता उसे अस्पताल ले गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ करने पर पता चला कि पिटबुल ने 6 साल के बच्चे को काटा है। बच्चा गली में खेल रहा था तभी पड़ोसी राजेश पाल के पिटबुल ने उस पर हमला कर दिया और उसका दाहिना कान आधा काट लिया। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को पिटबुल के चंगुल से छुड़ाया गया।

पुलिस ने पिटबुल मालिक को किया अरेस्ट
माता-पिता पड़ोसियों की मदद से बच्चे को पास के अस्पताल में ले गए जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। अब बच्चे का इलाज सफदरजंग हॉस्पिटल में चल रहा है। पुलिस ने पिटबुल मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़त बच्चे के पिता दिनेश एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करते हैं।











