नई दिल्ली: मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने असम विधानसभा में जानकारी दी है कि गायक जुबिन गर्ग की हत्या हुई थी। उन्होंने विधानसभा में जुबीन की मौत पर हुई चर्चा के दौरान यह बात कही। मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया और निर्दलीय विधायक अखिल गोगोई ने सिंगर जुबिन गर्ग की हत्या के मुद्दे पर अपने कार्य स्थगन प्रस्ताव को अनुमति देने का अनुरोध किया। अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी उन्हें प्रस्ताव की स्वीकार्यता पर बोलने की अनुमति देने वाले थे लेकिन तभी सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि सरकार इस मामले से अवगत है।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अध्यक्ष से कार्य स्थगन प्रस्ताव को स्वीकार करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष का कोई भी सदस्य इस चर्चा में नहीं बोलेगा और सरकार की ओर से केवल जवाब दिया जाएगा। सीएम ने सदस्यों से अनुरोध किया कि वे ऐसी कोई टिप्पणी न करें जिससे सिंगर जुबिन गर्ग की मौत की जांच में बाधा उत्पन्न हो।
बता दें कि सिंगर जुबिन गर्ग की इस साल 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय मौत हो गई थी। एसआईटी उनकी मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। असम सरकार ने भी गर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच के लिए गुवाहाटी हाई कोर्ट के एक वर्तमान न्यायाधीश की अध्यक्षता में आयोग का गठन किया था। सोमवार को जुबिन गर्ग की मौत की जांच कर रहे एक सदस्यीय आयोग ने बयान दर्ज करने और साक्ष्य प्रस्तुत करने की तारीख 12 दिसंबर तक बढ़ा दी थी।











