आजकल लोग अपनी सेहत को लेकर काफी जागरूक हो रहे हैं और ऐसे प्राकृतिक खाद्य पदार्थों की तलाश में रहते हैं जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाएं। मखाना और दूध दोनों ही अपने-आप में बहुत पौष्टिक होते हैं। लेकिन जब इन दोनों को मिलाकर पिया जाता है, तो इनके फायदे और भी बढ़ जाते हैं। आइए जानते हैं कि दूध में मखाने डालकर पीने से क्या-क्या लाभ मिलते हैं-
हड्डियों को मजबूत बनाता है और नींद बेहतर आती है- मखाने और दूध दोनों में कैल्शियम की मात्रा बहुत अधिक होती है। इस वजह से ये हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाते हैं। जिन लोगों को अक्सर घुटनों या कमर में दर्द रहता है, उनके लिए यह पेय बहुत फायदेमंद हो सकता है। अगर आपको रात में नींद नहीं आती या दिमाग बहुत दौड़ता रहता है, तो सोने से एक घंटे पहले मखाना दूध पीने से आराम मिलता है। इसमें मौजूद अमीनो एसिड और मैग्नीशियम दिमाग को शांत करते हैं और अच्छी नींद लाने में मदद करते हैं।
पाचन मजबूत होता है और शरीर में कमजोरी दूर करता है- मखाने में फाइबर होता है, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। दूध के साथ लेने पर यह पेट की जलन, गैस, कब्ज और अपच जैसी समस्याओं में काफी राहत देता है। खासकर बच्चे और बुजुर्ग इसे आसानी से पचा लेते हैं। अगर आपको कमजोरी, थकान या कमजोरी महसूस होती है, तो यह पेय आपके शरीर को ऊर्जा देता है। मखाने में प्रोटीन और दूध में मौजूद विटामिन B12 और कैल्शियम शरीर को ताकत देते हैं।
यह भी पढ़ें- जुकाम और खांसी में बेहद फायदेमंद ये वेजिटेबल सूप, कुछ ही घंटों में देगा राहत
दिल की सेहत के लिए अच्छा और बढ़ती उम्र में सहायक- मखाने में कम मात्रा में सोडियम और ज्यादा मात्रा में पोटैशियम पाया जाता है। ये दोनों चीजें ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करती हैं और दिल को स्वस्थ रखने में मदद करती हैं। मखाने में एंटी-एजिंग तत्व पाए जाते हैं, जो त्वचा को जवां बनाए रखने में मदद करते हैं। दूध के साथ लेने पर यह त्वचा में नमी और चमक लाता है। इसके नियमित सेवन से झुर्रियां कम दिखती हैं और स्किन हेल्दी रहती है।
कैसे बनाएं मखाना दूध- एक कप दूध लें और उसे उबालें। 1 मुट्ठी मखाने हल्के से भून लें और दूध में डालें। चाहें तो स्वाद के लिए थोड़ा शहद या गुड़ मिला सकते हैं। इसे 5 मिनट पकाकर गर्म ही पिएं, या ठंडा करके भी पी सकते हैं।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)













