नई दिल्ली: सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर ओरी 252 करोड़ रुपए के ड्रग्स मामले में मुंबई पुलिस के सामने पेश नहीं हुए। उन्हें मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने 20 नवंबर की सुबह 10 बजे घाटकोपर यूनिट के दफ्तर में पेश होने के लिए समन भेजा था। ओरी के वकील ने उनकी तरफ से मुंबई पुलिस से समय मांगा है। उनके वकील ने पुलिस को पत्र देकर कहा कि ओरी 25 नवंबर के बाद ही पूछताछ के लिए जांच एजेंसी के सामने पेश हो पाएंगे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ओरी को भेजा गया समन जांच की प्रक्रिया का हिस्सा है। इसमें ओरी से उन दावों को लेकर पूछताछ होगी जो ड्रग्स केस के मुख्य आरोपी सोहेल उर्फ लविश शेख ने अपनी पूछताछ में किए थे।

दरअसल जांच टीम यह पता लगाना चाहती है कि आरोपी द्वारा बताए गए समय और स्थानों पर ओरी की मौजूदगी का कोई तथ्यात्मक आधार है या नहीं। ड्रग्स केस के मुख्य आरोपी शेख के दावों में जिन रेव पार्टियों का जिक्र है उनमें ओरी मौजूद थे या नहीं, पुलिस को इस बात की पूछताछ उनसे करनी है। इसलिए ओरी को पूछताछ के लिए यह समन भेजा गया था।
ड्रग्स केस में सामने आये थे कई बड़ी हस्तियों के नाम
252 करोड़ के ड्रग्स मामले में मुंबई की कई बड़ी हस्तियों के नाम सामने आए थे। इस केस के मुख्य आरोपी सुहैल शेख ने पुलिस को बताया था कि वह देश और विदेश में ड्रग्स पार्टी का आयोजन करता है और उन पार्टियों में ड्रग्स की सप्लाई भी करता है। उसने दावा किया था कि वह अभिनेत्री नोरा फतेही, श्रद्धा कपूर और उसके भाई सिद्धार्थ कपूर, जीशान सिद्दीकी, ओरी उर्फ ओरहान, अब्बास मस्तान और लोका सहित कई फिल्मी हस्तियों के साथ देश और विदेश में ड्रग पार्टियों का आयोजन कर चुका है। अब पुलिस इन दावों की जांच कर रही है और इसी सिलसिले में ओरी को समन भी जारी किया गया था।
कौन है ओरी?
ओरी एक पॉपुलर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं। उन्हें अक्सर बॉलीवुड सेलेब्स के साथ एंजॉय करते देखा जाता है।











