दिल्ली ब्लास्ट मामले में सामने आई हमलावर उमर मोहम्मद नबी की वीडियो पर सियासत गरमा गई है। इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने हमलावरों को “भटका हुआ युवा” बताते हुए कहा कि ऐसे लोग इस्लाम की असली तस्वीर को नहीं दिखा सकते। उन्होंने कहा कि इस्लाम का संदेश देश से प्यार करने और लोगों की मदद करने का है। ऐसे में देश के खिलाफ हिंसा करना गलत है और इसका धर्म से कोई संबंध नहीं है।उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में तेज विवाद शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर भी लोग मसूद के बयान को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। कई यूजर्स पूछ रहे हैं कि आखिर आतंकवादी को ‘भटका हुआ युवक’ कैसे कहा जा सकता है?
यह भी पढ़ें- दिल्ली कार ब्लास्ट में बड़ा खुलासा: आरोपी डॉ. उमर को अवैध स्त्रोतों से मिले थे 20 लाख रुपए, एजेंसियों ने शुरू की जांच
इस बीच बीजेपी ने इमरान मसूद के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस का असली चेहरा फिर सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि 12 मासूम लोगों की हत्या करने वाले हमलावर को कांग्रेस ‘भटका हुआ’ बता रही है, जो बेहद शर्मनाक है। पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शुरू से ही आतंकवादी मामलों में नरम रवैया अपनाती रही है और ऐसे बयानों से उसके वोट बैंक की राजनीति साफ दिखाई देती है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले कांग्रेस या उसके सहयोगियों के कई नेता- जैसे हुसैन दलवई, पी. चिदंबरम, महबूबा मुफ्ती, तारिक अनवर और सपा के अबू आजमी आतंकवादियों को मासूम बताने या परिस्थितियों को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश कर चुके हैं। पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अफजल गुरु, याकूब मेमन और बटला हाउस मामले के आरोपियों का बचाव कर चुकी है और अब वही रवैया एक बार फिर दिखाई दे रहा है।

















