रुद्रपुर नगर निगम क्षेत्र में मदरसा सोसायटी द्वारा अवैध रूप से कब्जाई गई आठ एकड़ भूमि को खाली कराने के लिए नगर निगम आयुक्त ने एसएसपी ऊधमसिंह नगर को पत्र लिखकर पुलिस बल मांगा है। ताकि उक्त अतिक्रमण को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जा सके।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए अपना अभियान तेज कर दिया है।
एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि रुद्रपुर के खेड़ा क्षेत्र में अवैध रूप से कब्जाई गई सरकारी जमीन को खाली कराने के लिए नोटिस जारी किया गया है। सर्वे के बाद नगर निगम ने उक्त सरकारी जमीन पर कब्जा लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है। दो दिन पहले एडीएम पंकज उपाध्याय ने भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अवैध अतिक्रमण की नापजोख के लिए ड्रोन सर्वे कराया था। एडीएम ने बताया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध निम्नलिखित चार बिंदुओं पर प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।
14 नवंबर 2025 को खेड़ा रुद्रपुर में की गई कार्रवाई का विवरण
- मदरसा सोसाइटी के नाम आवंटित 2.53 एकड़ भूमि के अतिरिक्त लगभग 8 एकड़ सरकारी भूमि/नजूल भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है।
- आवंटित भूमि की नाप करते हुए अतिरिक्त भूमि को कब्जा मुक्त करने के लिए 14.11.2025 को राजस्व, नगर निगम, डीडीए और पुलिस विभाग द्वारा सर्वेक्षण प्रारंभ किया गया है। सर्वेक्षण के बाद सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त किया जाएगा।
- अतिरिक्त भूमि को कब्जा मुक्त करने के लिए हाई कोर्ट का भी आदेश है।
- उक्त भूमि के पास ही चामुंडा देवी मंदिर के कब्जे वाली 1.5 एकड़ भूमि पर भी कब्जा प्राप्त करना है।
- उल्लेखनीय है खेड़ा क्षेत्र यूपी से लगा हुआ है और यहां आसपास मुस्लिम बस्तियां अवैध रूप से बसाने के षडयंत्र किए जा रहे है। जिस पर धामी सरकार ने कड़ा रुख अपनाया हुआ है।
अब नगर आयुक्त की तरफ से एसएसपी को पत्र लिख कर पुलिस फोर्स उपलब्ध कराने ,कब्जा हटाने से पहले सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्यों को पूर्ण करने के लिए कहा गया है। जानकारी के मुताबिक जिला प्रशासन ने नगर निगम के साथ मिलकर उक्त सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंह नगर के कई इलाकों में बेशकीमती सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे हैं। रुद्रपुर, किच्छा, पंतनगर, दिनेशपुर, गदरपुर में ऐसे कब्जे चिन्हित किए गए हैं, जो सैकड़ों एकड़ में फैले हैं।
















