लौंग रसोई में मौजूद एक छोटा-सा मसाला है, लेकिन इसके फायदे इतने बड़े हैं कि अक्सर लोग इसे दवा की तरह भी इस्तेमाल करते हैं। खासतौर पर रात में सोने से पहले 2 लौंग खाना शरीर को कई तरह से लाभ देता है। आयुर्वेद में भी लौंग को पाचन सुधारने, सर्दी-खांसी दूर करने और नींद बेहतर बनाने के लिए बेहद असरदार बताया गया है। आइए, जानें कि सोने से पहले सिर्फ 2 लौंग खाने से आपको कौन-कौन से चौंकाने वाले फायदे मिल सकते हैं।
पाचन शक्ति को मजबूत बनाती है और दांतों की समस्या में राहत- रात में 2 लौंग खाने से पाचन तंत्र बेहतर काम करता है। जिन लोगों को गैस, पेट फूलना, भारीपन या बदहजमी की समस्या रहती है, उन्हें यह आदत बड़ा फायदा देती है। लौंग में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पेट की सूजन को कम करते हैं और खाना जल्दी पचाने में मदद करते हैं। इससे अगली सुबह पेट हल्का महसूस होता है। लौंग में नेचुरल एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं। सोने से पहले इसे चबाने से मुंह की बदबू दूर होती है और दांतों में होने वाले बैक्टीरिया कम होते हैं। अगर आपको दांत में हल्का दर्द, मसूड़ों से खून आना या दांतों में सेंसिटिविटी रहती है, तो यह आदत काफी राहत दे सकती है। कई टूथपेस्ट में भी लौंग का इस्तेमाल इन्हीं गुणों की वजह से किया जाता है।
सर्दी-खांसी से आराम और स्ट्रेस कम- लौंग प्राकृतिक रूप से गर्म तासीर वाला मसाला है। रात में इसे खाने से शरीर के भीतर गर्माहट बढ़ती है, जिससे सर्दी-जुकाम, खांसी या बलगम की समस्या जल्दी कम होती है। जिन लोगों का गला बार-बार बैठ जाता है, उन्हें भी सोने से पहले 2 लौंग चबाने से फायदा मिल सकता है। अगर आप तनाव के कारण रात में ठीक से सो नहीं पाते, तो लौंग आपकी मदद कर सकती है। इसमें मौजूद ऑयल दिमाग को शांत करने और तनाव कम करने में मदद करते हैं। इसे चबाने से शरीर रिलैक्स होता है और नींद जल्द आने लगती है। इसलिए इसे हल्का-सा चबाकर गुनगुने पानी के साथ लेना अच्छा माना जाता है।
यह भी पढ़ें- सर्दियों में रोजाना अखरोट खाने से कोसों दूर रहती हैं ये बीमारियां
ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने में मदद और संक्रमण और सूजन से सुरक्षा- लौंग इंसुलिन की कार्यक्षमता को बढ़ाने में मदद करती है। जिन लोगों को ब्लड शुगर हाई रहता है, उनके लिए यह आदत लाभकारी हो सकती है। हालांकि, डायबिटीज के मरीजों को इसे रोज खाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। लौंग में मौजूद एंटीसेप्टिक और एंटीमाइक्रोबियल गुण शरीर को अंदर से संक्रमणों से बचाते हैं। यह इम्यून सिस्टम को भी मजबूत बनाती है। नियमित सेवन से शरीर में सूजन कम होती है जिससे जोड़ों का दर्द या मांसपेशियों का दर्द भी कम महसूस होता है।
कैसे खाएं लौंग- रात में सोने से 10-15 मिनट पहले 2 लौंग हल्की चबाएं। इसके बाद एक ग्लास गुनगुना पानी पी लें। चाहें तो इसे थोड़ा भूनकर भी खा सकते हैं, इससे इसका स्वाद हल्का पड़ जाता है।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)













