सोशल मीडिया पर इन दिनों मशहूर शिक्षक खान सर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वे काफी गुस्से में दिखाई देते हैं। पाञ्चजन्य इस वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। कई लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ था, जिसकी वजह से शांत स्वभाव के लिए मशहूर खान सर अचानक भड़क उठे। आइए इस पूरे घटना की कहानी आसान भाषा में समझते हैं।
यह घटना तभी की है जब खान सर ऑनलाइन क्लास ले रहे थे। क्लास के दौरान वे छात्रों को यह बता रहे थे कि आने वाले समय में उनका संस्थान मेडिकल क्षेत्र में भी अपनी शुरुआत करने की योजना बना रहा है। इसी बीच ऑनलाइन क्लास में मौजूद एक छात्र ने चैट बॉक्स में अचानक “पाकिस्तान जिंदाबाद” लिखकर कमेंट कर दिया। खान सर की नजर जैसे ही उस कमेंट पर पड़ी, वे एकदम गुस्से में आ गए। उन्होंने तुरंत क्लास में ही कहा- “गुंडई, वो भी हमारी क्लास में? पाकिस्तान जिंदाबाद बोला? तुरंत इसका सारा बैच कैंसिल करो। इसके अब तक के और आगे के सारे बैच खत्म कर दो।”
खान सर का गुस्सा यहीं नहीं रुका। उन्होंने अपने टीम मेंबर से कहा कि इस छात्र को तुरंत ब्लॉक किया जाए। जो भी बैच उसने खरीदे हों- एप्लिकेशन, वेबसाइट या किसी भी प्लेटफ़ॉर्म पर—हर जगह से उसे हटाया जाए। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि उस छात्र का पूरा विवरण निकाला जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उसके घर तक जानकारी भेजी जा सके। खान सर का यह सख्त रवैया देखकर कई लोग वीडियो पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि खान सर सही समय पर सही कदम उठाते हैं और वे किसी भी तरह की गलत हरकत बर्दाश्त नहीं करते। बहुत से यूजर्स ने कहा- “सर, आप एक ही दिल कितनी बार जीतेंगे।”










