नई दिल्ली: दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार को हुए विस्फोट की जांच अब एनआईए कर रही है। इस जोरदार धमाके को लेकर अभी भी कई सवालों का जवाब मिलना बाकी है। इस बीच सूत्रों के हवाले से आ रही खबरों में कई अहम खुलासे हो रहे हैं। पहले सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि डॉक्टरों का यह गिरोह अगले साल 26 जनवरी पर लाल किले को निशाना बनाकर वहां बड़ा धमाका करना चाहता था। इससे पहले इस गिरोह ने दिवाली पर धमाके को लेकर प्लानिंग की थी लेकिन वह असफल रही। यह बात डॉ मुजम्मिल जो कि इस पूरे घटना का अहम किरदार है उसने जांच एजेंसियों को बताई है। अब इस विस्फोट का एक संभावित तुर्की कनेक्शन भी सामने आ रहा है।
क्या है लाल किले विस्फोट का तुर्की कनेक्शन?
लाल किला के पास ब्लास्ट मामले की जांच में संभावित तुर्की कनेक्शन सामने आया है। जांच एजेंसियों के सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि डॉक्टर मॉड्यूल के दो सदस्य डॉ. उमर और डॉ. मुजम्मिल के पासपोर्ट से खुलासा हुआ है कि दोनों ने टेलीग्राम ग्रुप्स से जुड़ने के तुरंत बाद तुर्की की यात्रा की थी। ऐसे में अब जांच एजेंसियों को संदेह है कि यह यात्रा आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। जांच एजेंसियां इस एंगल को भी ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही हैं।
क्या तुर्की में मिले थे भारत को दहलाने के निर्देश?
सूत्रों के हवाले से आ रही जानकारी में कहा गया है कि तुर्की से लौटने के बाद दोनों डॉक्टरों ने देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय होने की योजना बनाई। इसी योजना के तहत फरीदाबाद में भी किराये पर कमरा लिया। अलग-अलग राज्यों में सक्रिय होने का निर्देश डॉक्टरों को जैश हैंडलर की ओर से मिला था। इसी के बाद इस आतंकी डॉक्टर गिरोह ने फरीदाबाद, सहारनपुर और अन्य स्थानों को चुना। जांच एजेंसियों को शक है कि तुर्की यात्रा के दौरान ही हैंडलर की तरफ से डॉक्टरों को यह निर्देश मिला था। इस एंगल पर भी जांच की जा रही है। साथ ही जांच एजेंसियां यह भी देख रही हैं कि दोनों डॉक्टरों ने विदेश यात्रा के दौरान क्या कोई ट्रेनिंग ली थी? किसी से मुलाकात की थी या फिर किसी प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया था।
सूत्रों की माने तो जांच एजेंसियां जैश हैंडलर की पहचान के बेहद करीब हैं। इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े डिजिटल कम्युनिकेशन की गहराई से पड़ताल की जा रही है। बता दें कि सोमवार को दिल्ली के लाल किले के पास एक कार में जोरदार धमाका हुआ था। जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई और 21 से अधिक का इलाज चल रहा है। इस धमाके के कई सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं।

















