भरूच (गुजरात) । गुजरात के भरूच जिले में स्थित एक दवा फैक्ट्री में मंगलवार तड़के भीषण हादसा हुआ। बॉयलर फटने के बाद लगी आग में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 श्रमिक घायल हो गए। यह घटना सायखा जीआईडीसी क्षेत्र की है, जहां हादसा रात करीब 2.30 बजे हुआ।
बॉयलर विस्फोट के बाद फैक्ट्री में भीषण आग
भरूच के जिला कलेक्टर गौरांग मकवाना ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर एक शक्तिशाली बॉयलर विस्फोट के कारण आग लग गई। उन्होंने कहा, “विस्फोट इतना जोरदार था कि पूरी फैक्ट्री की इमारत ढह गई।” हालांकि, दमकल विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है।
दो मजदूरों की मौत, कई घायल
अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के बाद अधिकतर मजदूर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन दो श्रमिक अंदर फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आग बुझने के बाद दोनों के शव मलबे से बरामद किए गए। लगभग 20 अन्य मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और पुलिस की जांच जारी
दमकल विभाग, पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीमों ने घटनास्थल की गहन जांच शुरू कर दी है। जिला कलेक्टर ने बताया कि कुछ मजदूरों ने दावा किया है कि विस्फोट के बाद एक व्यक्ति लापता है और संभवतः फैक्ट्री की इमारत के अंदर फंसा हुआ है।
औद्योगिक सुरक्षा विभाग कर रहा है जांच
औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय (DISH) के अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं। अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि संबंधित फार्मा फैक्ट्री के पास सभी जरूरी लाइसेंस और सुरक्षा अनुमतियां थीं या नहीं। जिला प्रशासन ने मामले की गहन जांच के आदेश दे दिए हैं।
भरूच बॉयलर ब्लास्ट हादसे से सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए हैं। साथ ही यह चेतावनी दी है कि फैक्ट्रियों में सुरक्षा उपायों की अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है। बरहाल स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











