पटना (हि.स.)। मोदी-नीतीश की जोड़ी ही बिहार को विकसित बनाएगी। यही जोड़ी बिहार को देश का नंबर वन राज्य बनाएगी। जब केंद्र में मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी और लालू की सरकार थी, तब आतंकवादी हमारी धरती पर अपनी मर्ज़ी से हमला करते थे। इसके उलट, अब हम आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मार रहे हैं। यह बातें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कही। रविवार को गृह मंत्री ने राजग उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार के अंतिम दिन सासाराम, न्यू स्टेडियम में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
पाकिस्तान पर सख्त चेतावनी, बिहार में बनेगा रक्षा गलियारा
केंद्रीय गृह मंत्री ने जोर देकर कहा कि “भविष्य में अगर पाकिस्तान के आतंकवादी फिर से हमला करने की हिम्मत करते हैं तो उनकी गोलियों का जवाब मोर्टार के गोले से दिया जाएगा।” उन्होंने कहा, “क्या आपको पता है कि ये मोर्टार गोले कहां बनाए जाएंगे? बिहार के सासाराम में, क्योंकि मोदी यहां एक रक्षा गलियारा (Defence Corridor) बनाने जा रहे हैं।”
अमित शाह ने कांग्रेस-राजद पर साधा निशाना, राम मंदिर मुद्दा उठा
अमित शाह ने कांग्रेस और राजद पर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को रोकने की कोशिश करने के लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जहां 550 साल पहले मुगल सम्राट बाबर ने कथित तौर पर एक प्राचीन हिंदू मंदिर को ध्वस्त कर दिया था, वहीं आज मोदी सरकार में उस स्थान पर एक भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हुआ है। शाह ने कहा कि “यह राज्य में मेरी 37वीं रैली है और मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि लालू यादव और उनके सहयोगियों का पहले चरण में ही सफाया हो जाएगा।”
14 नवंबर को लालू-कांग्रेस का होगा सफाया: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 14 नवंबर को बिहार में कांग्रेस-लालू प्रसाद का “सुपर साफ” हो जाएगा और भारी बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने लोगों से पूछा कि “आपको कट्टा लहराने वाली सरकार चाहिए या पाकिस्तान पर गोली बरसाने वाली सरकार?”
घुसपैठियों पर कड़ा रुख, कहा- बिहार में नहीं बख्शे जाएंगे
उन्होंने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो यह बिहार में घुसपैठी बोर्ड बनाएगी। यह लोग बिहार में घुसपैठियों को बसाने की साजिश कर रहे हैं। घुसपैठियों के जरिए ये लोग बिहार के युवाओं का रोजगार और गरीबों का अनाज छीनना चाहते हैं।
राहुल-तेजस्वी की यात्रा पर तंज, घुसपैठियों को बचाने का आरोप
अमित शाह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर तंज करते हुए कहा कि उन्होंने किसान, युवाओं या पिछड़ों के लिए यात्रा नहीं निकाली, बल्कि घुसपैठियों को बचाने के लिए यात्रा निकाली थी। उन्होंने कहा कि चाहे जितनी भी यात्राएं निकाल लें, “बिहार और देश से एक-एक घुसपैठी को एनडीए सरकार बाहर करेगी।”
एनडीए की लहर पूरे बिहार में, सासाराम से की जीत की अपील
अमित शाह ने कहा कि पूरे बिहार में एनडीए की लहर चल रही है। उन्होंने कहा कि रोहतास जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों से एनडीए प्रत्याशी को विजयी बनाना है। उन्होंने सासाराम से राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रत्याशी स्नेह लता कुशवाहा और चेनारी से लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) प्रत्याशी मुरारी प्रसाद गौतम को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
उपेंद्र कुशवाहा ने की एनडीए प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील
कार्यक्रम को राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “अपना एक-एक मत राष्ट्रीय लोक मोर्चा की प्रत्याशी स्नेह लता कुशवाहा और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रत्याशी मुरारी प्रसाद गौतम को देकर विजयी बनाएं।”
कार्यक्रम का संचालन और अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष पटेल ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिला अध्यक्ष कपिल कुशवाहा ने किया।

















