सर्दियों का मौसम आते ही हमारी डाइट में ऐसे खाद्य पदार्थ शामिल करना जरूरी हो जाता है जो शरीर को अंदर से गर्म रखें और रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाएं। ऐसे में अलसी के बीज (Flax Seeds) एक बेहतरीन सुपरफूड माने जाते हैं। ये छोटे-से दिखने वाले बीज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और ठंड के मौसम में शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं सर्दियों में अलसी के बीज खाने के फायदे और ये किन बीमारियों को दूर रखने में कारगर हैं।
सर्दी-जुकाम से बचाव और दिल की बीमारियों से सुरक्षा- सर्दियों में अक्सर ठंडी हवा और कमजोर इम्यूनिटी के कारण सर्दी-जुकाम हो जाता है। अलसी के बीज में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड, एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन ई शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। इससे श रीर वायरस और बैक्टीरिया के संक्रमण से बेहतर तरीके से लड़ पाता है। ठंड के मौसम में ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने का खतरा अधिक रहता है। अलसी के बीज में पाया जाने वाला लिगनन (Lignan) और फाइबर खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करते हैं और अच्छे कोलेस्ट्रॉल (HDL) को बढ़ाते हैं। इससे दिल की धड़कनें सामान्य रहती हैं और हार्ट अटैक या स्ट्रोक का खतरा घटता है।
जोड़ों के दर्द और सूजन से राहत और त्वचा, बालों की सेहत के लिए फायदेमंद- सर्दियों में आर्थराइटिस या जोड़ों के दर्द की समस्या बढ़ जाती है। अलसी के बीज में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड शरीर में सूजन को कम करते हैं और दर्द से राहत देते हैं। रोज़ाना एक चम्मच अलसी का सेवन करने से जोड़ों में लचीलापन बना रहता है। ठंड में त्वचा रूखी और बाल बेजान हो जाते हैं। अलसी के बीज में मौजूद फैटी एसिड और विटामिन ई त्वचा को अंदर से मॉइस्चराइज करते हैं और बालों को मजबूत बनाते हैं। इसका सेवन करने से त्वचा पर नेचुरल ग्लो आता है और झुर्रियां कम होती हैं।
यह भी पढ़ें- सोते समय हल्दी दूध पीने से दूर होती हैं ये बीमारियां
वजन नियंत्रण में मददगार और यबिटीज के मरीजों के लिए लाभकारी- सर्दियों में लोग ज़्यादा खाते हैं और शारीरिक गतिविधि कम हो जाती है, जिससे वजन बढ़ सकता है। अलसी के बीज में मौजूद फाइबर लंबे समय तक पेट भरा रखते हैं और भूख कम लगती है। इससे वजन नियंत्रण में रहता है और मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है। अलसी के बीज ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। इनमें मौजूद फाइबर और लिगनन इंसुलिन के स्तर को संतुलित रखते हैं। नियमित सेवन से डायबिटीज के मरीजों को फायदा मिल सकता है।
कैसे करें सेवन- रोज सुबह खाली पेट 1 चम्मच अलसी के बीज गुनगुने पानी के साथ लें। चाहें तो इसे सलाद, दलिया या स्मूदी में मिलाकर भी खा सकते हैं। बीजों को हल्का भूनकर खाने से इनका स्वाद और लाभ दोनों बढ़ जाते हैं।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)

















