मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता संजय खान की पत्नी जरीन खान का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से हुआ। उनके बेटे जायद खान ने अंतिम संस्कार के दौरान गले में जनेऊ भी डाला। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखकर यूजर्स पूछ रहे हैं कि मुस्लिम जरीन खान का अंतिम संस्कार क्या हिंदू रीति-रिवाज से हो रहा है? जरीन खान के अंतिम संस्कार में बेटा जायद खान आखिर समय तक हिंदू रीति-रिवाज का अनुसरण करते हुए दिख रहे हैं। जिसे देखकर यूजर्स चौंक भी रहे हैं। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
81 साल की थीं जरीन खान, लंबी बीमारी के बाद हुआ निधन
संजय खान की पत्नी जरीन खान का निधन 81 साल में हुआ। वह पिछले काफी समय से उम्र से जुड़ी बीमारियों से लड़ रही थीं। उन्होंने शुक्रवार को मुंबई स्थित अपने घर पर ही आखिरी सांस ली। उनका अंतिम संस्कार सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है क्योंकि वह खुद मुस्लिम थीं और उनके संस्कार की सारी क्रियाएं हिंदू रीति-रिवाज से हुई हैं। इस दौरान उनका बेटा जायद खान जनेऊ पहने हुए भी दिखा। अंतिम संस्कार में बेटी सुजैन खान भी शामिल हुईं। बॉलीवुड के कई नामचीन हस्तियों ने जरीन खान को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

उनके अंतिम संस्कार में ऋतिक रोशन भी पहुंचें। बता दें कि जरीन खान की बेटी सुजैन खान ऋतिक रोशन की पहली पत्नी हैं। जरीन के अंतिम संस्कार में जया बच्चन, काजोल, बॉबी देओल, अली गोनी, रोनित रॉय, पूनम ढिल्लों और सोनल चौहान भी पहुंचीं।
1966 में संजय से हुई थी जरीन की शादी
संजय और जरीन की शादी साल 1966 में हुई थी। दोनों की मुलाकात एक बस स्टॉप पर हुई थी। तब संजय केवल 18 साल के थे। जरीन ने एक इंटरव्यू में 18 साल के संजय के साथ अपनी पहली डेट को याद किया था। उन्होंने बताया था कि संजय सफेद शर्ट, सफेद ट्राउजर, कोल्हापुरी चप्पल और हाथ में टॉल्स्टॉय की एक किताब लिए बीच पर खड़े थे। उन्होंने बताया था कि वह धूप की वजह से झुलसी हुई थीं। उस वक्त उन्होंने ऑफ-शोल्डर टॉप और थ्री-टियर स्कर्ट पहनी हुई थी। किनारे पर टहलते हुए संजय ने उन्हें अपनी जिंदगी की कहानी सुनाई, जिसे सुनकर वह मंत्रमुग्ध हो गईं थीं। उन्होंने बताया था कि फिर संजय ने उसके सामने शादी का प्रपोजल रख दिया। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली।











