प्रधानमंत्री ने हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम से मुलाकात की और उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, “आप सबने बहुत बड़ा काम किया है। भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी का हिस्सा है।” प्रधानमंत्री ने टीम की एकता, हिम्मत और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि जब भारत क्रिकेट में जीतता है, तो पूरा देश खुश होता है, और जब हारता है तो सब दुखी हो जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि टीम की मेहनत और समर्पण ने देश का नाम रोशन किया है।
टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस मौके पर 2017 के वर्ल्ड कप की याद साझा की, जब फाइनल हारने के बाद वे प्रधानमंत्री से मिली थीं। उन्होंने कहा, “तब सर ने हमें बहुत मोटिवेट किया था। आज ट्रॉफी लेकर आना हमारे लिए गर्व की बात है।” हरमनप्रीत ने बताया कि इस जीत के पीछे हर खिलाड़ी की लगन और टीम स्पिरिट है। टीम की खिलाड़ी जेमिमाह रॉड्रिक्स ने बताया कि जब टीम लगातार तीन मैच हार गई थी, तब सभी खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को सहारा दिया। उन्होंने कहा, “टीम की असली पहचान तब होती है जब हम गिरने के बाद फिर से उठते हैं।” प्रधानमंत्री ने इस बात की प्रशंसा करते हुए कहा कि टीम की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
यह भी पढ़ें- हरलीन ने पूछा PM मोदी जी से स्किन केयर रूटीन, प्रधानमंत्री का जवाब सुनकर रह जाएंगे दंग, देखें वीडियो
मुलाकात के दौरान माहौल बेहद खुशगवार रहा। खिलाड़ी हरलीन देओल ने मजाकिया लहजे में प्रधानमंत्री से उनकी “स्किनकेयर रूटीन” पूछ ली, जिस पर सभी हँस पड़े। प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मुझे तो इस विषय पर ध्यान देने का समय ही नहीं मिला।” बातचीत के अंत में प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा कि वे अपने स्कूलों और कॉलेजों में जाकर बच्चों को प्रेरित करें। उन्होंने कहा, “आपकी बातें बच्चों के दिलों में उतर जाएंगी और वही भारत का भविष्य बदलेंगी।”

















