नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी कभी सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं तो कभी देश में आग लगने की बात करते हैं। अब उन्होंने सेना पर एक बार फिर शर्मनाक टिप्पणी की है। जिसकी चौतरफा निंदा हो रही है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी उन्हें कड़ा जवाब दिया है।
बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच बांका में एक रैली के दौरान उन्होंने कहा कि सैनिक केवल एक धर्म का पालन करते हैं, जो “सैन्य धर्म” है। हमारी सेना को राजनीति में न घसीटें। जब भी इस देश पर संकट आया है, हमारे सैनिकों ने अपनी बहादुरी और पराक्रम का प्रदर्शन करके भारत का सिर ऊंचा किया है। राहुल गांधी सशस्त्र बलों में आरक्षण की मांग करके देश में अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार के बांका में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता सेना को जाति के आधार पर बाँटने का प्रयास कर रहे हैं, जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
गरीबों को आरक्षण दिया
राजनाथ सिंह ने कहा कि आरक्षण होना चाहिए। हम (भाजपा) भी आरक्षण के समर्थक हैं। हमने गरीबों को आरक्षण दिया है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की राजनीति में विकास विरोधी सोच को खत्म कर दिया है। जब मोदी जी ने सत्ता संभाली, तब भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान पर थी। आज यह चौथे स्थान पर है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगी।
राजग दो तिहाई बहुमत करेगा हासिल
राजनाथ सिंह ने स्पष्ट कहा कि नीतीश कुमार की अगुवाई वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दो-तिहाई बहुमत के साथ राज्य में दुबारा सत्ता में आ रहा है। उन्होंने कांग्रेस समेत महागठबंधन में शामिल सभी दलों पर निशाना भी साधा। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि सीमावर्ती इलाकों में सड़कें बेहतर हों। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) भी नहीं चाहता था कि बिहार में विकास हो। नीतीश कुमार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है, जबकि राजद के नीचे से लेकर शीर्ष पर बैठे सभी नेता भ्रष्टाचार के मामलों का सामना कर रहे हैं। राजद शासन के दौरान बिहार का स्वास्थ्य बजट मात्र 700 करोड़ रुपये था, जो अब राजग सरकार में बढ़कर 20,000 करोड़ रुपये हो गया है। यह इस बात का प्रमाण है कि सरकार जनता के स्वास्थ्य को लेकर कितनी गंभीर है। उन्होंने कहा कि आज बिहार का बजट 3 लाख करोड़ से ऊपर का है, यह विकास की गाथा को लिख रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर अभी रुका नहीं है
राजग कभी भी जाति, पंथ और धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं करता। हम केवल विकास की बात करते हैं, जबकि महागठबंधन केवल लोगों को जाति, धर्म और भाषा के नाम पर बांटने का काम करता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी रुका नहीं है, अगर आतंकी फिर से भारत पर हमला करने की कोशिश करेंगे, तो हम कड़ा जवाब देंगे।
राहुल गांधी का 10 प्रतिशत वाला बयान
राहुल गांधी में बिहार के कुटुंबा में 4 नवंबर 2025 को रैली के दौरान कहा था कि देश की लगभग 10 प्रतिशत आबादी को ही कॉरपोरेट सेक्टर, नौकरशाही और न्यायपालिका में अवसर मिलते हैं। यहाँ तक कि सेना पर भी उन्हीं का नियंत्रण है। बाकी 90 प्रतिशत लोग -पिछड़े वर्ग, दलित, आदिवासी और अन्य अल्पसंख्यक -कहीं दिखाई नहीं देते।
(इनपुट- हिंदुस्थान समाचार)

















