क्या आप हाल ही में किसी नए शहर, इलाके या घर में शिफ्ट हुए हैं? अगर हाँ, तो सिर्फ सामान पैक और अनपैक करने के अलावा एक और जरूरी काम है- अपने आधार कार्ड में एड्रेस अपडेट करना। बहुत से लोग इस प्रक्रिया को लेकर उलझन में रहते हैं कि आखिर आधार कार्ड में पता कैसे बदला जाए और क्या इसके लिए कहीं जाना जरूरी है। लेकिन अब ऐसा नहीं है। UIDAI ने यह प्रक्रिया बेहद आसान बना दी है, जिससे आप घर बैठे ऑनलाइन ही आधार में एड्रेस बदल सकते हैं। आधार कार्ड में सही पता होना बहुत जरूरी है, क्योंकि यही कार्ड बैंक, ई-कॉमर्स साइट्स, सरकारी योजनाओं और कई अन्य कामों में जरूरी होता है। अगर आपके आधार पर पुराना पता दर्ज है, तो कई बार डिलीवरी में दिक्कत आती है या सरकारी सुविधाएं सही पते पर नहीं पहुंच पातीं। इसलिए समय-समय पर अपने आधार की जानकारी अपडेट करते रहना बहुत जरूरी है। आधार कार्ड में पता बदलने के फायदे-
सही पता होने से सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सही जगह पर मिलेगा। बैंक, पासपोर्ट, पैन कार्ड, और अन्य दस्तावेजों में एड्रेस मिलान में दिक्कत नहीं होगी। गलत एड्रेस के कारण किसी भी तरह के फर्जीवाड़े या गलत इस्तेमाल की संभावना कम हो जाएगी। अब आप UIDAI की वेबसाइट पर जाकर कुछ आसान स्टेप्स में अपना पता अपडेट कर सकते हैं-
सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर में myaadhaar.uidai.gov.in वेबसाइट खोलें। होमपेज पर आपको ‘My Aadhaar’ सेक्शन दिखाई देगा, उस पर क्लिक करें। अब ‘Update Your Aadhaar’ वाले ऑप्शन पर जाएं। इसके बाद ‘Update Aadhaar Online’ पर क्लिक करें। अब आपसे आपका आधार नंबर मांगा जाएगा। इसे दर्ज करें। आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा। इसे दर्ज करके लॉगिन करें। लॉगिन के बाद ‘Address Update’ का विकल्प चुनें। अब आप नया पता ध्यानपूर्वक टाइप करें। राज्य, जिला, नगर और पिन कोड सही-सही भरें। जानकारी भरने के बाद एक बार जांच लें कि सबकुछ सही लिखा गया है। अब आपको एड्रेस प्रूफ डॉक्युमेंट अपलोड करना होगा। यह JPEG, PNG या PDF फॉर्मेट में होना चाहिए। सही डॉक्युमेंट अपलोड करने के बाद ‘Submit’ बटन पर क्लिक करें। सबमिट करने के बाद आपको एक Service Request Number (SRN) मिलेगा। यह SRN नंबर बहुत जरूरी होता है, क्योंकि इसकी मदद से आप अपने आधार अपडेट की स्थिति ट्रैक कर सकते हैं। अगर आपने एड्रेस अपडेट के लिए आवेदन कर दिया है, तो आप आसानी से जान सकते हैं कि आपका एड्रेस अपडेट हुआ है या नहीं। दोबारा myaadhaar.uidai.gov.in वेबसाइट पर जाएं। यहां ‘Check Aadhaar Update Status’ का ऑप्शन मिलेगा। अब अपना SRN नंबर डालें और सबमिट करें। स्क्रीन पर आपके एड्रेस अपडेट की स्थिति दिख जाएगी कि आपका अनुरोध प्रोसेस में है या पूरा हो चुका है।
यह भी पढ़ें- UIDAI जल्द लॉन्च करेगी नई e-Aadhaar ऐप, अब घर बैठे मिनटों में अपडेट करें अपना आधार कार्ड
कौन-कौन से दस्तावेज एड्रेस प्रूफ के रूप में मान्य हैं- UIDAI कई तरह के एड्रेस प्रूफ स्वीकार करता है, जैसे कि पासपोर्ट, बैंक स्टेटमेंट या पासबुक, बिजली, पानी या गैस का बिल, वोटर आईडी, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, इनकम टैक्स असेसमेंट ऑर्डर, पोस्ट ऑफिस का पासबुक या सरकारी लेटर। इनमें से कोई एक डॉक्युमेंट की साफ स्कैन कॉपी अपलोड करनी होती है। अगर आपको अपने फिंगरप्रिंट, आइरिस या फोटो जैसी बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट करनी है, तो इसके लिए आपको नजदीकी आधार सेवा केंद्र (Aadhaar Seva Kendra) पर जाना होगा। वहां जाकर आप बायोमेट्रिक या अन्य व्यक्तिगत जानकारी अपडेट कर सकते हैं।














