उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की चन्दवक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लालच देकर कन्वर्जन कराने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से बाइबिल, ईसाई से जुड़ी किताबें, प्रचार संबंधी रजिस्टर, फोटो फ्रेम और मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें कन्वर्जन से जुड़ी चैटिंग, वीडियो और तस्वीरें मिली हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक केराकत के नेतृत्व में यह कार्रवाई गुरुवार सुबह करीब 7:15 बजे की गई। गिरफ्तारी सरकी गांव निवासी गीता देवी पत्नी राम अवध, रंजना कुमारी पुत्री राम अवध, सोनू पुत्र लहरू राम और विजय कुमार पुत्र हरिकंचन के घर से की गई।
मामले में मुकदमा अपराध संख्या 16/25, धारा 196(1) बीएनएस व 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया । रंजना कुमारी के पास से 2 बाइबिल, 4 रजिस्टर, एक ईसाई भजन संग्रह, सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल व टैबलेट बरामद हुए, दोनों में प्रचार से जुड़ी सामग्री मौजूद थी।

















