मुरादाबाद के पाकबाड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक मदरसे से बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह मामला तब शुरू हुआ जब एक छात्रा के परिवार ने मदरसा प्रशासन के कुछ फैसलों का विरोध किया। परिवार का कहना है कि जब उन्होंने अपनी आपत्ति जताई, तो मदरसा प्रशासन के लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें मदरसे से बाहर निकाल दिया।
पीड़ित परिवार चंडीगढ़ का रहने वाला है। बच्ची के पिता ने इस घटना पर एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी बेटी के साथ अन्याय हुआ है। उनका आरोप है कि मदरसे के लोगों ने उनकी बेटी के चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और जबर्दस्ती उसे टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) देकर मदरसे से निकाल दिया। मदरसा प्रबंधन ने 8वीं कक्षा में दाखिले के लिए छात्रा से वर्जिनिटी सर्टिफिकेट (मेडिकल टेस्ट) मांगा है। प्रबंधन का कहना है कि टेस्ट के बाद ही एडमिशन मिलेगा। परिवार का कहना है कि जब उन्होंने इस व्यवहार का विरोध किया तो मदरसे के लोगों ने धमकी दी कि वे इस मामले में कहीं भी शिकायत न करें। इससे परिवार बहुत परेशान है और उन्होंने न्याय की मांग की है।
इस मामले में पुलिस प्रशासन ने भी संज्ञान लिया है। मुरादाबाद के एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि यह मामला उनके पास आया है। उन्होंने कहा — “लोधीपुर स्थित एक मदरसे में चंडीगढ़ के रहने वाले व्यक्ति ने अपनी बेटी का पिछले साल एडमिशन कराया था। अब उन्होंने एसएसपी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के चरित्र को लेकर टिप्पणी की गई और बिना कारण टीसी देकर निकाल दिया गया। इस मामले की पुलिस जांच चल रही है।”

















