आगामी 2 नवम्बर 2025 को आयोजित होने वाली “आदि कैलास अल्ट्रा मैराथन” को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने हेतु जिलाधिकारी आशीष भटगांई गूंजी पहुंचे हैं। मैराथन का आयोजन उच्च हिमालयी क्षेत्र गूंजी में होने जा रहा है, जहाँ देश-विदेश से लगभग 800 धावक भाग लेंगे।
जिलाधिकारी ने गूंजी में तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज आयोजन स्थल गुंजी का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायज़ा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों को स्थानीय जनता से आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को बेहतर एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम प्रधान गुंजी विमला गुंज्याल ने जिलाधिकारी से भेंट कर आगामी अल्ट्रा मैराथन की तैयारियों पर चर्चा की। जिलाधिकारी कल गुंजी के आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण करते हुए आदि कैलास तक जाएंगे और प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
प्रशासन और आयोजन समिति की व्यवस्थाओं की समीक्षा
जिलाधिकारी ने प्रशासन एवं आयोजन समिति की तैयारियों को लेकर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने ट्रेक रूट की मार्किंग, रेस्क्यू टीमें तथा लॉजिस्टिक सपोर्ट की व्यवस्थाओं की जानकारी जिला पर्यटन विभाग से ली और स्थानीय होम स्टे संचालक, स्वयंसेवी संगठन, और ग्राम समितियाँ भी इस आयोजन में सक्रिय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
14,500 फीट ऊँचाई पर होगी रोमांचक अल्ट्रा मैराथन
अल्ट्रा मैराथन का यह मार्ग गूंजी से आदि कैलास क्षेत्र तक फैला हुआ है, जो समुद्रतल से लगभग 14,500 फीट की ऊँचाई तक जाता है। यह भारत के सबसे रोमांचक और ऊँचे ट्रेकिंग ट्रेल्स में से एक है। मार्ग पर भारतीय सेना, आईटीबीपी (इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस) और पुलिस प्रशासन की टीमें तैनात रहेंगी, जो प्रतिभागियों की सुरक्षा, गाइडेंस और आपात सहायता प्रदान करेंगी।
यात्रियों के लिए अस्थायी रूप से बंद होगा परमिट जारी करना
आदि कैलास में 2 नवम्बर को होने वाले अल्ट्रा मैराथन को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में, यात्रियों के रहने-खाने की व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए एसडीएम जितेंद्र वर्मा ने बताया कि 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आदि कैलास यात्रा का परमिट जारी करना अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है और 25 अक्टूबर से ही आदि कैलाश यात्रा हेतु सीमित पास ही दिए जाएंगे। गुरुवार को 172 परमिट जारी किए गए, जिससे अब तक कुल 32,986 परमिट जारी हो चुके हैं।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई समीक्षा बैठक
इस दौरान उपजिलाधिकारी धारचूला जितेन्द्र वर्मा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

















