देहरादून: डोईवाला के पास पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों के घायल होने की सूचना है। एसएसपी अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि डोईवाला, लालतप्पड़ क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को संदिग्ध अपराधियों की सूचना मिली, जिसके बाद लालतप्पड़ पर बैरियर लगाकर अपराधियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन अपराधी चेकिंग प्वाइंट पर नहीं रुके और पुलिस पर फायरिंग कर दी, पुलिस टीम द्वारा अपराधियों का पीछा किया गया, पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, मुठभेड़ की सूचना मिलने पर देहात और शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस सक्रिय रही।
उन्होंने बताया कि पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि एक बदमाश जंगल में भाग गया। फरार बदमाश की तलाश जारी है। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में घायल अपराधियों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी डोईवाला स्थित सीएससी अस्पताल भेजा गया, जहां से दोनों अपराधियों को जॉलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एसएसपी ने बताया कि मुठभेड़ में घायल दोनों अपराधी दून अस्पताल के सामने हुई फायरिंग के मुख्य आरोपी हैं। अपराधियों के खिलाफ कोतवाली नगर देहरादून में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। अपराधियों के पास से एक स्कूटर, दो पिस्तौल, जिंदा कारतूस और खाली कारतूस बरामद किए गए। घायलों में सोहेल खान पुत्र नूर मोहम्मद निवासी ईसी रोड करणपुर देहरादून उम्र 25 वर्ष और शानू पुत्र नौशाद निवासी चावला चौक नालापानी रोड करणपुर देहरादून उम्र 23 वर्ष हैं। जानकारी के मुताबिक तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

















