त्योहारों का सीजन चल रहा है और देशभर के करोड़ों किसान उम्मीद लगाए बैठे हैं कि इस बार सरकार उनकी झोली में भी खुशियों का तोहफा डालेगी। किसानों की यह उम्मीद प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) से जुड़ी है। इस योजना के तहत केंद्र सरकार देश के योग्य किसानों को हर साल ₹6000 की आर्थिक मदद देती है। यह राशि तीन किस्तों में ₹2000-₹2000 करके दी जाती है। अब तक सरकार 20 किस्तें जारी कर चुकी है और अब 21वीं किस्त अक्टूबर 2025 में आने की उम्मीद है। हालांकि सरकार की तरफ से अभी इसकी सटीक तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन तैयारियां जोरों पर हैं।
क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना- इस योजना की शुरुआत किसानों को आर्थिक सहारा देने के लिए की गई थी, ताकि वे खेती से जुड़ी जरूरी चीजों जैसे बीज, खाद खरीद सकें। हर पात्र किसान को साल में तीन बार ₹2000 की किस्त सीधा उसके बैंक खाते में भेजी जाती है। यह पैसा डीबीटी के जरिए आता है, जिससे बिचौलियों की कोई भूमिका नहीं रहती।
किन किसानों को मिलेगा पैसा- अगर आप पहले से इस योजना के लाभार्थी हैं और आपकी ई-केवाईसी, बैंक और आधार डिटेल्स सही हैं, तो आपको भी ₹2000 की 21वीं किस्त मिलेगी। लेकिन अगर आपके दस्तावेज़ों में कोई गलती है — जैसे बैंक खाता, मोबाइल नंबर या आधार लिंक न होना तो आपकी किस्त रुक सकती है। कई बार किसानों को पेमेंट न मिलने की शिकायतें आती हैं। इसके पीछे ये कारण हो सकते हैं- बैंक डिटेल्स गलत होना, मोबाइल नंबर बदल जाना या अपडेट न होना, ई-केवाईसी पूरी न होना, आधार या बैंक खाते में नाम की गलती। इसलिए जरूरी है कि किसान समय रहते अपनी जानकारी अपडेट कर लें। अगर आपका मोबाइल नंबर बदल गया है या आप नया नंबर जोड़ना चाहते हैं, तो यह काम आप खुद घर बैठे कर सकते हैं। सबसे पहले pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जाएं। “Farmers Corner” सेक्शन पर क्लिक करें। अब “Update Mobile Number” विकल्प चुनें। यहां अपना आधार नंबर डालें और OTP वेरिफाई करें फिर अपना नया मोबाइल नंबर दर्ज करें और सेव कर दें। ध्यान रखें नया मोबाइल नंबर वही होना चाहिए जो आधार कार्ड से लिंक हो, ताकि OTP सही से आए और अपडेट सफल हो।
जानें, आपका नाम सूची में है या नहीं- अगर आप जानना चाहते हैं कि आपका नाम लाभार्थी सूची में है या नहीं, तो यह भी बहुत आसान है। वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं। “Farmers Corner” में “Beneficiary Status” पर क्लिक करें। यहां आप अपना आधार नंबर या बैंक खाता नंबर डालें। सबमिट करने पर आपको पता चल जाएगा कि पिछली किस्त कब मिली थी और अगली कब आएगी। सरकार ने ई-केवाईसी (e-KYC) को जरूरी बना दिया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पैसा सही व्यक्ति तक पहुंचे। ई-केवाईसी करवाने के लिए pmkisan.gov.in वेबसाइट खोलें। “Farmers Corner” में जाएं और “e-KYC” लिंक पर क्लिक करें। अपना आधार नंबर डालें और OTP वेरिफाई करें। इससे आपकी पहचान की पुष्टि हो जाएगी और अगली किस्त बिना रुकावट आपके खाते में आ जाएगी। अगर आपको किसी तरह की दिक्कत या जानकारी की ज़रूरत है, तो आप पीएम किसान योजना के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं- 011-24300606 या फिर आप pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
















