जैसलमेर बस हादसा: राजस्थान के जैसलमेर में एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना हुई है। 14 अक्टूबर 2025 को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे, जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक एसी स्लीपर बस थैयत गांव के पास अचानक आग की लपटों में घिर गई। बस में 57 यात्री सवार थे। आग इतनी तेज फैली कि बस पूरा जल गई और 20 लोग जिंदा जलकर मर गए। 16 लोग घायल हो गए, जिनमें कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। यह हादसा जैसलमेर से महज 20 किलोमीटर दूर, वॉर म्यूजियम के पास हुआ।
आग कैसे लगी, क्या कहते हैं गवाह
बस पीछे के हिस्से से जलने लगी, जैसे ही वो थैयत गांव के रास्ते पर थी। गवाहों का कहना है कि कई यात्री भागने के चक्कर में चलती बस से कूद पड़े। लेकिन आग की तपिश इतनी तेज थी कि लोग बच नहीं सके। थैयत के ग्रामीणों और राहगीरों ने फौरन मदद की कोशिश की, लेकिन शवों को बस से निकालने में शाम तक वक्त लग गया। म्यूनिसिपल काउंसिल के फायर ऑफिसर कृष्णपाल सिंह राठौर ने बताया, “जब हमारी टीम पहुंची, तो बस पूरी तरह लपटों में थी। आग बुझा तो ली, लेकिन 10 से 12 यात्री जिंदा जल चुके थे।” आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है, जांच चल रही है। कहा जा रहा है कि बस ओवरलोड थी। जिससे ये त्रासदी और दर्दनाक हो गई।
Distressed by the loss of lives due to a mishap in Jaisalmer, Rajasthan. My thoughts are with the affected people and their families during this difficult time. Praying for the speedy recovery of the injured.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of…
— PMO India (@PMOIndia) October 14, 2025
19 लोग मौके पर ही जिंदा जले
इस हादसे में 19 लोग घटनास्थल पर ही जिंदा जल गए, जबकि एक घायल ने जोधपुर जाते वक्त दम तोड़ दिया। बाकी 16 घायलों में ज्यादातर के 70 फीसदी तक जलने के निशान हैं। कई की हालत नाजुक है। इन्हें पहले जैसलमेर के जवाहर गवर्नमेंट हॉस्पिटल ले जाया गया, फिर जोधपुर रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने कई जिंदगियां बचाई
ग्रामीणों की बहादुरी ने कुछ जिंदगियां बचाईं। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने दुख जताते हुए जयपुर के सारे प्रोग्राम कैंसल कर दिए। हेल्थ मिनिस्टर गजेंद्र सिंह खींवसर के साथ स्पेशल प्लेन से जैसलमेर पहुंचे। वो साइट पर गए और बाद में जोधपुर जाकर घायलों से मिलने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार की मदद का ऐलान किया। ये कदम पीड़ितों के लिए थोड़ी राहत तो लाएंगे।












