मथुरा के आध्यात्मिक संत प्रेमानंद जी महाराज के लिए मक्का मदीना में दुआ क्या मांग ली, एक मुस्लिम शख्स को हत्या की धमकियां मिलने लगी हैं। ये शख्स है सुफियान इलाहाबादी है। सुफियान इलाहाबादी उमराह करने के लिए मदीना गए थे, वहां उन्होंने महाराज के लिए दुआ मांगी और इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिया। इसी के बाद से उन्हें ऑनलाइन धमकियां दी जा रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि प्रेमानंद जी महाराज पॉलीसिस्टिक किडनी डिजीज (Polycystic Kidney Disease) नामक गंभीर किडनी बीमारी से जूझ रहे हैं। इसके कारण उनकी दोनों किडनी फेल हो चुकी है और अब वो लगातार डायलिसिस पर हैं। हालिया दिनों में उनकी तबीयत और अधिक बिगड़ी है, जिसके कारण उन्हें रोज डायलिसिस करवाना पड़ता है। ऐसे में उनके शुभचिंतक और अनुयायी उनके लिए दुआएं मांग रहे हैं।
सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी दे रहे धमकियां
एक तरफ देश ही नहीं विदेश से प्रेमानंद महाराज के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना उनके भक्त गण कर रहे हैं तो दूसरी ओर कुछ कट्टरपंथी उन्हें मजहब के नाम पर धमका रहे हैं।
क्या कहते हैं सुफियान
इन धमकियों के बाद अब सुफियान ने भी इस मामले में अपनी बात कही है। उन्होंने कहा है कि चंदन और टोपी से लोगों की पहचान नहीं होनी चाहिए कि मुसलमान कौन है और हिन्दू कौन। सुफियान का कहना है कि मुझे वीडियो डिलीट करने की धमकियां मिल रही हैं। लेकिन मैं महाराज जी के लिए अपना गला तक कटाने को तैयार हूं। सुफियान का कहना है कि वो प्रेमानंद महाराज के हर वीडियो को देखते हैं और उनका कहाना है कि महाराज बहुत ही सच्चे व्यक्ति हैं। वो कोई आडंबर करने की जगह हमेशा भलाई की बात करते हैं।
क्या कहता है कानून
अगर कोई जान से मारने की धमकी दे, तो बीएनएस की धारा 351 लागू होती है। इसमें सब-सेक्शन हैं – 351(1), (2), (3) और (4)। मसलन, धारा 351(3) तब यूज होती है जब धमकी में गंभीर चोट, मौत या परिवार को नुकसान की बात हो। पुलिस एफआईआर में पहले यही धारा जोड़ती है। अदालत में ट्रायल चले, तो आरोपी को 7 साल तक की जेल हो सकती है, ऊपर से भारी जुर्माना। कभी-कभी दोनों मिलाकर सजा देते हैं।












