आज के समय में अगर कोई व्यक्ति सरकारी कामों से जुड़ना चाहता है, तो उसे ज़रूरी नहीं कि हमेशा किसी बड़ी परीक्षा में शामिल होना पड़े। चार ऐसी वेबसाइट्स हैं, जहां से लोग सीधे सरकार के साथ काम करने का मौका पा सकते हैं।
सीए साक्षी जैन ने बताया कि भारत सरकार अब युवाओं को स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के नए अवसर दे रही है। उन्होंने कहा कि पहली वेबसाइट है ‘स्किल इंडिया डिजिटल’, जहां लोग फ्री ऑनलाइन कोर्स करके अपनी स्किल बढ़ा सकते हैं। इन कोर्स के बाद प्लेटफॉर्म से ही नौकरी के लिए आवेदन किया जा सकता है। इससे युवाओं को सरकारी प्रोजेक्ट्स या स्किल-बेस्ड कामों में भाग लेने का अवसर मिलता है। दूसरी वेबसाइट है ‘माय जीओवी’ (MyGov) — यह प्लेटफॉर्म लोगों को कंटेंट राइटिंग, डिजाइनिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट जैसे क्रिएटिव कामों में भाग लेने का मौका देता है। यहां नागरिक अपने विचार, लेख या डिजाइन भेजकर सरकारी अभियानों में योगदान दे सकते हैं।
तीसरी वेबसाइट है ‘GeM पोर्टल’ जहां लोग अपने उत्पाद या सेवाएं सरकार को बेच सकते हैं। यह छोटे व्यापारियों और स्टार्टअप्स के लिए बेहद फायदेमंद है। चौथी वेबसाइट ‘SWAYAM’ है, जो भारत सरकार का एक ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफॉर्म है। यहां से कोई भी व्यक्ति फ्री या कम फीस में कोर्स करके नई स्किल सीख सकता है और बेहतर करियर बना सकता है। साक्षी जैन का कहना है कि अगर युवा इन प्लेटफॉर्म्स का सही उपयोग करें, तो वे बिना किसी सरकारी परीक्षा के भी सरकार के साथ सीधे काम करने और अनुभव हासिल करने का शानदार मौका पा सकते हैं।

















